बिहार प्रगति के पथ पर सदैव अग्रसर: जय कुमार सिंह

नई दिल्ली। बिहार के उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार प्रगति के पथ पर तीव्र गति से अग्रसर है। वे आज राजधानी दिल्ली स्थित आईएनए दिल्ली हाट में चल रहे बिहार उत्सव, 2018 में बिहार दिवस समारोह के उद्घाटन के पश्चात मीडिया बन्धुओं को सम्बोधित कर रहे थे। मंत्री श्री सिंह द्वारा पारंपरिक तौर पर फीता काट कर समारोह का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सब के लिए गौरव का दिन है। पूरे बिहार में बिहार दिवस समारोह धूम-धाम से मनाया जा रहा है। अपने स्थापना काल से आजतक के बिहार के गौरव एवं प्रगति पर आधारित इन समारोहों में सभी बिहारवासियों द्वारा पूरे उत्साह से भाग लिया जाता है। बेहतर एवं सुन्दर बिहार के निर्माण के लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं।
उद्घाटन के पश्चात उद्योग मंत्री ने उत्सव में लगे हैंडीक्राफ्ट एवं हैंडलूम के विभिन्न स्टाॅलों तथा बिहारी व्यंजन के स्टाॅलों का अवलोकन किया। उन्होंने हाट में प्रदर्शित किये गये परम्परागत एवं प्राकृतिक हस्तशिल्प को देखकर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार हस्तशिल्प, मंजूषा पेंटिंग, मधुबनी पेंटिंग एवं उद्योगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर उद्योग मंत्री श्री जय कुमार सिंह के साथ बिहार सरकार के उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डा. एस. सिद्धार्थ, बिहार के स्थानिक आयुक्त श्री विपिन कुमार, उद्योग विभाग के उपनिदेशक-सह-मेला प्रभारी श्री उमेश कुमार सिंह, बिहार सूचना केन्द्र दिल्ली के सहायक निदेशक श्री लोकेश कुमार झा, उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के उपनिदेशक श्री अशोक कुमार सिन्हा, बियाडा के कार्यकारी निदेशक श्री भोगेंद्र लाल एवं अन्य भी उपस्थित थे। इस अवसर पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
उद्योग मंत्री ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि हर स्टाल पर कुछ न कुछ ऐसा है जो आपको अपनी और आकर्षित करेगा। इस बार स्टाल के भागलपुरी सिल्क, बसमन बीघा के चादर, मधुबनी पेंटिंग, सिकी के उत्पाद, कास्ट की मूर्ति और जूट की गुड़िया आदि आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस‘ में बिहार राज्य पांच पायदान आगे बढ़ा है। जहां राज्य की रैंकिंग 2016 में 21वीं थीं वहीं 2018 में यह रैंकिंग 16वीं हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार राज्य उद्योग एवं उद्यमिता के विकास की ओर सदैव अग्रसर है। सरकार द्वारा किए गए नीतिमूलक निर्णय के पलस्वरूप राज्य में औद्योगीकरण की गति तीव्र हुई है। औद्योगिक निवेश को सुगम बनाने के लिए संस्थागत सुदृढ़ीकरण किया गया है। सभी प्रकार के क्लियरेंस, अनापत्ति प्रमाण-पत्र आदि के लिए ऑनलाइन क्लीयरेंस पोर्टल की व्यवस्था की गई है। साथ ही राज्य के सूक्ष्म एवं लघु उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हस्तकरघा, रेशम एवं खादी ग्रामोद्योग बुनकरों के समग्र विकास के लिए कई परियोजनाएं प्रारंभ की गई है। इससे इस क्षेत्र में उत्पादन, प्रशिक्षण, विपणन को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन की व्यवस्था की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.