बुराडी में कोविड अस्पताल, विधायक की मेहनत रंग लाई : अजय बंसल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को बुराड़ी स्थित नवनिर्मित अस्पताल का दौरा किया। बुराडी के विधायक संजीव झा भी उनके साथ थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि इस अस्पताल में हर तीसरे बेड पर ऑक्सीजन आपूर्ति की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि बुराड़ी में दिल्ली सरकार का 700 बेड का नया विश्व स्तरीय अस्पताल बन रहा है। कोरोना के इलाज के लिए हम 450 बेड अभी शुरू कर रहे हैं।
समाजसेवी अजय बंसल ने इस पर क्षेत्रीय विधायक संजीव झा के प्रति आभार प्रकट किया है। अजय बंसल ने कहा कि यह अस्पताल कई वर्षों से लंबित रहा है। कई विधायक आए और चले गए। यह संजीव झा के मेहनत का नतीजा है कि यहां अब मरीजों की देखभाल होगी। उन्होंने कहा कि यह सही है कि अभी शुरुआत कोरोना वार्ड से शुरू हुई है, लेकिन हमारे सहित हजारों क्षेत्रीय लोगों को अब यह पूरा भरोसा हो गया है कि यह अस्पताल अन्य बीमारियों के इलाज के लिए भी बहुत जल्द उपलब्ध होगा।
समाजसेवी अजय बंसल ने बताया कि इस अस्पताल में काफी काम हो चुका है। अभी यहां पर 450 कोविड बेड बनाए जा रहे हैं। वैसे तो यह 700 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। अभी योजना यह है कि कोरोना के मरीजों के लिए यहां पर 450 बेड शुरू कर दिए जाएंगे। अच्छी बात यह है कि यहां पर हर तीसरे बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति है। उन्होंने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा है कि यहां पर करीब 125 बेड पर आक्सीजन की आपूर्ति है और 125 बेड पर हम सिलेंडर से ऑक्सीजन दे देंगे। कोरोना का इलाज करने के दौरान ऑक्सीजन की सबसे अधिक जरूरत पड़ती है। हमें लगता है कि कोरोना के लिए नए बेड तैयार करने की हमारी जो कवायद चल रही है, उसमें यह काफी मददगार साबित होगा।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यह अस्पताल काफी समय से बन रहा है। पहले यह कम बेड का था, मगर दिल्ली की आप सरकार ने इलाके की जरूरतों को देखते हुए इसे 700 बेड का किया है। अब उसी हिसाब से इसे तैयार किया जा रहा है। यह अस्पताल इलाज के मामले में लोगों के लिए बहुत मददगार साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.