दिल्ली के कई अस्पतालों के डॉक्टरों ने किया विरोध प्रदर्शन


नई
दिल्ली/ टीम डिजिटल।  दिल्ली के कई सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर ने कोलकाता के अपने हड़ताली सहयोगियों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। ये डाक्टर शुक्रवार की देशव्यापी हड़ताल में शामिल नहीं हो सके थे। केंद्र सरकार द्वारा संचालित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और आरएमएल अस्पताल के डॉक्टरों के अलावा दिल्ली सरकार के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल और डीडीयू अस्पताल के डॉक्टरों ने काम का बहिष्कार किया और विरोध प्रदर्शन किया।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) और रेजिडेंट डॉक्टरों के विभिन्न संघों (आरडीए) के आह्वान पर शुक्रवार को दिल्ली के अधिकतर अस्पताल के डाक्टर पश्चिम बंगाल के हड़ताली डॉक्टरों के समर्थन में देशव्यापी आंदोलन में शामिल हुए थे। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट्स डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) के अध्यक्ष सुमेध संदनशिव ने कहा कि कई अस्पताल शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सके क्योंकि उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार सरकार को 24 घंटे की अग्रिम सूचना नहीं दी थी। इसलिए, वे शनिवार को बंद का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन अस्पतालों के आईसीयू और आपातकालीन सेवा चालू है। शहर के इन अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर बाह्य रोगी विभागों (ओपीडी), नियमित सर्जरी थिएटर सेवाओं और वार्ड निरीक्षण बंद है, जहां डॉक्टर शनिवार को सांकेतिक हड़ताल पर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.