बंगाल बचाओ प्रदर्शन में शामिल हुए भाजपाई

नई दिल्ली। बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित अत्याचारों के विरोध में मंगलवार को पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के साउथ एवेन्यू स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने सांसद रूपा गांगुली, प्रदर्शन संयोजक रविन्द्र गुप्ता, महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, भाजपा नेताओं संजीव शर्मा, रामकिशोर शर्मा, धीरज जोशी, मनीष सिंह, विक्रम बिधूडी, निर्मल जैन, संतोष पाल, नीमा भगत, किरण वैद्य सहित बड़ी संख्या में सम्मिलित कार्यकर्ताओं ी उपस्थिति में सम्बोधित किया।
भाजपा रविन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता तीन मूर्ति चौक पर एकत्र हुए और वहां से बंगाल में नरसंहार की राजनीति पर, चुप्पी क्यों चुप्पी क्यों जैसे नारे लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचे और वहां रोष प्रदर्शन किया। अपने संबोधन में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं बंगाल में लगभग एक वर्ष से कार्य कर रहा हूँ, अपने बंगाल प्रवास में हजारों लोगों से मिलने से अनुभव होता है कि बंगाल के अधिकांश लोग, नेता जी सुभाषचंद्र बोस, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं रासबिहारी बोस जैसे को लोकतंत्र प्रहरियों को अपना आदर्श मानते हैं पर हिंसा, चुनावी धांधलियों एवं समीकरणों के सहारे पहले मार्क्सवादियों और अब ममता बनर्जी ने राज्य की सत्ता पर कब्जा कर राज्य को विकास से वंचित किया है। हमारे कार्यकर्ता जो शहादत आज बंगाल में दे रहे हैं, वो व्यर्थ नहीं जायेगी और शीघ्र ही राज्य में लोकतंत्र का परचम फहरायेगा। भाजपा बंगाल के समग्र विकास के प्रति कटिबद्ध है।
इस दौरान सांसद रूपा गांगुली ने कहा कि कांग्रेस, मार्क्सवादी और ममता बनर्जी के 70 वर्ष के कुशासन के चलते सहित्य-सभ्यता का अग्रणी बंगाल, आज हिंसा एवं दुराचार का पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि आज बंगाल की हर गली हर गांव में भय एवं भूख का वातावरण है और भाजपा उस अंधेरे में उजाले के सूरज की तरह चमक रही है। हम शीघ्र बंगाल की जनता के सहयोग से वहाँ सुशासन स्थापित करेंगे। कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि देश का इतिहास गवाह है कि चाहे कश्मीर हो, त्रिपुरा हो या झारखण्ड जहाँ कहीं भी राष्ट्रवाद की पोषक भाजपा के कार्यकर्ताओं पर दमनचक्र चला वहाँ आज भाजपा की सत्ता है और शीघ्र बंगाल में भी हमारे कार्यकर्ता राज्य के विकास का दायित्व संभालेंगे। रविन्द्र गुप्ता ने कहा कि बंगाल एवं केरल में हिंसा की राजनीति को दिल्ली एवं देश के लोग व्यथित होते हैं और आज जब बंगाल एवं केरल के मुख्यमंत्री दिल्ली में लोकतंत्र की बात करते हैं तो जनता के सामने इनका दोगला चेहरा उजागर होता है। 2019 में बंगाल की जनता इनको पूरी तरह नकार देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.