बाजीगर बने राहुल गांधी : उद्धव ठाकरे

मुंबई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ के रूप में विख्यात गुजरात में जैसे-तैसे करके भले ही भाजपा को बहुमत मिल गया है, पर वह आगे खतरे की घंटी है। गुजरात चुनाव ने सिद्ध कर दिया कि असली बाजीगर तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हैं। बहुमत के लिए 92 सीटों की आवश्यकता थी और भाजपा ने 99 सीटें जीतकर बहुमत तो पा लिया है, पर कांग्रेस ने 80 सीटें जीतकर भाजपा के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। ऐसी टिप्पणी करते हुए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर तंज कसा है। गुजरात चुनाव में जिस तरह से कांग्रेस के समर्थन में राहुल गांधी ने प्रचार प्रसार किया, उससे कांग्रेस का वहां पर वजूद बनता गया।
अंततोगत्वा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी चाल चली और उसमें वे विजयी हुए। सामना की संपादकीय में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने लिखा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंत में गुजरात में अपनी अस्मिता का कार्ड खेला और उन्हें वहां पर 99 सीटें मिलीं और भाजपा को बहुमत मिल गया। पर जिस तरह से कांग्रेस ने 80 सीटें जीतकर अपने अस्तित्व को बना लिया है, वह आगे भाजपा के लिए खतरे की घंटी के समान है। हालांकि भाजपा ने हिमाचल की सत्ता कांग्रेस से छीन लिया है।
भाजपा द्वारा देखा गया कांग्रेस मुक्त हिन्दुस्तान का सपना पूरा होने से रह गया है। उल्टे कांग्रेस ने गुजरात में ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। 2019 का चुनाव भाजपा बहुमत के साथ जीते, यही मेरी शुभेच्छा है। ऐसा कहते हुए शिवसेना अध्यक्ष ठाकरे ने प्रधानमंत्री पर तंज कसा है, भाजपा को भी आगाह कर दिया है कि वे आगामी लोकसभा के चुनाव के लिए अभी से ही तैयारी करें, क्योंकि चुनाव भले ही भाजपा ने जीता है पर चुनाव के दौरान चर्चा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.