दर्शकों को कॉमेडी की फुल डोज़ देंगे राजपाल यादव

अनिल बेदाग

मुंबई । आज भले ही सिनेमा में इंग्लिश का बोलबाला है। बॉलीवुड को हॉलीवुड कड़ी टक्कर दे रहा है। शहर की युवा पीढ़ी इंग्लिश के रंग में रंगी है। कुल मिलाकर देस पर परदेस हावी है, लेकिन भारत के गांवों में ऐसा नहीं है। यहां आज भी इंग्लिश की बजाय हिंदी या क्षेत्रीय भाषा ही बोली जाती है। ऐसे किसी गांव में अगर कोई विदेशी आ जाए, तो गांववासी उनका सामना कैसे करेंगे। ऐसा ही हुआ है एक गांव में, जिसे निर्माता संजीत कुमार ठाकुर, शिवप्रसाद शर्मा और जाने माने निर्देशक शैलेंद सिंह राजपूत ने सिद्धिका सिने क्राफ्ट के बैनर तले बनी फिल्म ‘इंग्लिश की टांय टांय फिस्स’ में दिखाया है। दरअसल, ऐसी घटनाएं फिल्म की कहानी का हिस्सा हैं, जहां का सरंपच अपने गांव को आदर्श रूप देना चाहता है। इसी बीच विदेश में रहने वाला उसका बेटा अपने दो विदेशी दोस्तों के साथ गांव आता है जिनमें एक युवती भी है। इंग्लिश में अनपढ़ गांववासियों से जब इन विदेशियों का सामना होता है, तो क्या परिस्थितियां घटित होती हैं, इसे हास्य के अंदाज़ में दर्शाया गया है।

क्या गांव का कायाकल्प हो पाएगा और उस दौरान क्या घटनाएं घटित होंगी, यह फिल्म का अहम पहलू है। फिल्म में राजपाल यादव दर्शकों को कॉमेडी की फुल डोज़ देते नज़र आएंगे जिसमें उनका साथ देंगे सुनील पाल। लेकिन हैरान कर देने वाली बात तो ये है कि कॉमेडी का तड़का लगाने वाली वाली इस फिल्म के कुछ दृश्य ऐसे थे जिन्हें देखकर सेट पर मौजूद लोगों की आंखों में आंसू आ गए। एक्टर रोहित कुमार की यह डेब्यू फिल्म है जिसमें उनके साथ हैं रूसी अभिनेत्री लिजन करिमोवा। साथ में मनोज जोशी, गोविंद नामदेव, विजू खोटे और मुश्ताक खान का भी फिल्म में अहम रोल है। फिल्म में पांच गीत हैं जिनमें एक प्रमोशनल सॉन्ग है जिसे मशहूर सिंगर शान ने गाया है। संगीत संदीप श्री का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.