तो झुकी सरकार, बुराड़ी आ रहे किसान

नई दिल्ली। जिस किसान को लेकर दिल्ली पुलिस सिंधु बॉर्डर पर उग्र रूप में थे, सरकार की अनुमति मिलने पर वो बुराड़ी के निरंकारी मैदान में आना शुरू हो गए। दिल्ली पुलिस ने भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी है। दिल्ली सरकार के नुमाइंदे और विधायक संजीव झा दोपहर बाद से ही किसानों की तरफदारी में लगे हुए हैं।
दरअस्ल, कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे पंजाब और हरियाणा के किसानों और पुलिस के बीच शुक्रवार सुबह से सिंघु बॉर्डर पर संघर्ष जारी रहा। दोपहर दो बजे के लगभग स्थिति ज्यादा बिगड़ गई और पुलिस ने करीब 40 राउंड आंसू गैस के गोले दागे। इस बीच किसान संगठन और दिल्ली पुलिस लगातार धरनास्थल को लेकर बात कर रहे थे जिसके बाद यह निश्चय हुआ कि किसानों को दिल्ली के बुराड़ी स्थित निरंकारी समागम में प्रदर्शन करने इजाजत दी जाएगी। अब पुलिस किसानों को लेकर दिल्ली पहुंचेगी। वहीं दिल्ली मेट्रो ने एहतियात के तौर पर छह मेट्रो स्टेशनों से निकासी और प्रवेश की सुविधा बंद कर दी है
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली सरकार से नौ स्टेडियमों को अस्थायी जेलों में तब्दील करने की अनुमति मांगी थी, जो खारिज हो गई। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर कई जगहों पर किसानों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हो गई। पुलिसवालों ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारी किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। उन्हें बुराड़ी में निरंकारी समागम मैदान में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति होगी। दिल्ली पुलिस आयुक्त एनके श्रीवास्तव ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखें और शांति से प्रदर्शन करें।
किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार को ग्रीन लाइन पर छह मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहने की जानकारी दी। ग्रीन लाइन पर ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, पंडित श्री राम शर्मा, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां और घेवर स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट अब बंद हैं। दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने पहले घोषणा की थी कि पड़ोसी शहरों से सेवाएं शुक्रवार को निलंबित रहेंगी।टिकरी बॉर्डर पर जब किसानों को पता चला कि उन्हें दिल्ली प्रवेश की अनुमति मिल गई है तो उन्होंने खुशी जताई। एक किसान ने कहा, हमने अपने रास्ते में तकरीबन 10 बाधाएं पार कीं। हम प्रशासन के शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने हमें इजाजत दी ताकि हम प्रदर्शन कर सकें। हम खुश हैं और समस्या का सिर्फ शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने अधिकारिक तौर पर यह एलान कर दिया है कि किसानों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्हें निरंकारी समागम स्थल बुराड़ी तक आने की इजाजत है। उन्हें यही प्रदर्शन करना होगा। हालांकि पुलिस ने ये भी कहा है कि किसानों को इसके लिए संयम बरतना होगा और शांतिपूर्ण ढंग से पुलिस के साथ चलना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.