आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर प्रत्येक नारी सम्मान का लें संकल्प : डॉ अरोड़ा

नई दिल्ली। भारत की स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संपूर्ण भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इसी श्रृंखला में इंद्रप्रस्थ संजीवनी दिल्ली में अमृत महोत्सव सप्ताह मना रहा है। संस्था द्वारा दिल्ली में जगह-जगह समाज के हित में अनेक परोपकारी कार्य किए जा रहे हैं। जैसे गंगा जल वितरण, मास्क सैनिटाइजर वितरण, पौधारोपण, पौधे वितरित करना, सैनिटरी नैपकिन बांटना, छात्र-छात्राओं के लिए स्टेशनरी वितरित करना जैसे अनेक कार्य इस सप्ताह में किए जा रहे हैं। संस्था के अध्यक्ष डॉ संजीव अरोड़ा ने इस बारे में बताया कि दिल्ली के नारायणा में संस्था द्वारा एक नई योजना शुरू की गई है जिसमें बेटियों के सम्मान में परिवार में बेटी होने पर 1100 रुपए व बेटियों के विवाह पर 2100 रुपए की राशि दी जा रही है। इस सिलसिले में आज नारायणा के रहने वाले दो परिवारों को 1100 रुपए के चेक दिए गए, जिनके घर बेटियों ने जन्म लिया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस विनीता मलिक व संस्था के अध्यक्ष डॉ संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में इन परिवारों
को चेक भेंट किए गए। डॉ अरोड़ा ने बताया कि यह योजना पूरी दिल्ली में भी जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम करना नहीं है बल्कि युवा पीढ़ी को वसुधैव कुटुंबकम की सीख देना भी है, ताकि सक्षम लोग जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा खड़े हों। यही हमारे समाज की परंपरा और ताकत है। हमारा उद्देश्य नई पीढ़ी को मैसेज देना है कि उन्हें समाज में ऐसे कार्य करते रहने चाहिए जिससे लोगों का भला हो सके। एक मजबूत व्यक्ति अगर किसी कमजोर व्यक्ति की मदद करता है तो उसी से समाज सदृढ़ व मजबूत बनता है। इस मौके पर रश्मि मल्होत्रा, सरदार सनी सिंह, नसीम अख्तर, अमित खरबंदा, संजीव गुप्ता, गौरव बजाज आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.