केन्द्र सरकार घोटालेबाजों को संरक्षण दे रही है : तेजस्वी यादव

समस्तीपुर (वार्ता): बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने आरोप लगाया है कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार घोटालेबाजों को संरक्षण दे रही है। पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री यादव ने आज यहां के सरायरंजन में ‘संविधान बचाओ’ न्याय यात्रा के मौके पर सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के संरक्षण के कारण ही हीरा कारोबारी नीरव मोदी जैसे घोटालेबाज करोड़ों का घोटाला कर देश से भाग निकला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेतृत्व वाली केन्द्र की गठबंधन सरकार के कार्यकाल में देश मे बेरोजगारी की समस्या बढ़ी है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों के बीच साम्प्रदायिक तनाव फैला कर आपसी प्रेम एवं सद्भाव को तोड़ने में लगी है। उन्होंने बिहार की नीतीश सरकार की चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पलटी मारकर जनादेश का अपमान किया है। बिहार मे लोग आज अपने को असुरक्षित और ठगा महसूस कर रहे है, जिसका उदाहरण बेतहाशा प्रदेश मे आपराधिक घटनाओं में वृद्धि होना है।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में सृजन और शौचालय निर्माण जैसे करीब 12 से अधिक घोटाले उजागर हुए है, लेकिन मुख्यमंत्री श्री कुमार इन घोटालों मे लिप्त लोगों पर कार्रवाई करने के बदले घोटालेबाजों को बचाने में लगें है। उन्होंने कहा कि संविधान बचाओं न्याय यात्रा को बिहार की जनता का आपार समर्थन मिल रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्ष 2019 मे होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन का सफाया होना तय है। सभा को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मो.कमर आलम, पार्टी के विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन, आलोक कुमार मेहता, ऐज्या यादव, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद कारी सोहेब समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.