क्या केंद्रीय राजनीति में राहुल का साथ निभाएंगे अजय माकन ?

नई दिल्ली। माकन ने दिल्‍ली कांग्रेस अध्‍यक्ष के पद से इस्‍तीफा दे दिया है। शुक्रवार सुबह अजय माकन ने ट्वीट कर अपने इस्‍तीफे की जानकारी दी है। माकन ने इस्‍तीफे का कारण अपने खराब स्‍वास्‍थ्‍य को बताया है। माकन 2015 से कांग्रेस अध्‍यक्ष पद पर हैं। सूत्रों ने बताया कि माकन ने खराब स्वास्थ्य के कारण इस्तीफा दिया है। बताया जा रहा है कि उन्हें राज्य से हटाकर केन्द्र की राजनीति में लाया जाएगा। माकन यूपीए की सरकार में केन्द्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।

अजय माकन ने ट्वीट कर कहा कि 2015 विधान सभा के बाद बतौर दिल्‍ली कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर रहते हुए मुझे पिछले 4 वर्षों से, दिल्ली कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मीडिया एवं हमारे नेता राहुल गांधी जी से मुझे अपार स्नेह तथा सहयोग मिला है। इन कठिन परिस्थितियों में यह आसान नहीं था! इसके लिए ह्रदय से आभार!

कहा यह भी जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उन्हें केंद्रीय राजनीति में अपने साथ जोड़ सकते हैं। यानी अजय माकन भविष्य में राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई भूमिका में नजर आ सकते हैं। बता दें कि इससे पहले आई खबरों में दावा किया गया था कि अजय माकन ने अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है और राहुल गांधी ने इसे मंजूर नहीं किया था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को अजय माकन की एक बैठक पार्टी हाईकमान राहुल गांधी के साथ हुई थी। इसमें दिल्ली प्रदेश प्रभारी पीसी चाको भी मौजूद थे। इस बैठक में अजय माकन ने अपनी जिम्मेदारी निभाने में असमर्थता जताई थी। इसके पीछे उन्होंने अपने गिरते स्वास्थ्य का हवाला दिया था। बैठक में राहुल गांधी ने अजय माकन के इस्तीफे को स्वीकृति दे दी।

चर्चा है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री योगानंद शास्त्री दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद के सबसे प्रबल दावेदार है। मालूम हो कि अजय माकन ने सितंबर 2018 में ही अपनी हड्डी की बीमारी के चलते दे दिया था इस्तीफा, तभी से चल रही थी ऊहापोह की स्थिति थी। तब राहुल गांधी ने ही इस्तीफे पर हामी नहीं भरी थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.