
वाराणसी। काशी तमिल संगमम में शामिल होने के लिए बुधवार की रात 12वां सांस्कृतिक दल बनारस पहुंच गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पहुंचने पर इस समूह का भव्य स्वागत किया
गया। रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार की सुबह सांस्कृतिक दल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा। जहां पुष्प वर्षा और मंत्रोच्चार के बीच उनका स्वागत किया गया।
सभी श्रद्धालु बाबा को जल अर्पण कर शंकराचार्य चौक परिसर में इकट्ठा हो गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने लोक नृत्य और गीतों के माध्यम से बाबा की स्तुति की।
उन्होंने बाबा का अपनी लोक कला के माध्यम से प्रस्तुति देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु मां गंगा के तट पर जाकर मां गंगा को प्रणाम कर मंगल कामना की। इसके पश्चात सभी श्रद्धालु माता विशालाक्षी और मां अन्नपूर्णा से आशीर्वाद लेने के लिए उनके दरबार पहुंचे जहां मत्था टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी श्रद्धालुओं ने अन्नपूर्णा भवन में जाकर दक्षिण भारतीय व्यंजनों का प्रसाद ग्रहण किया हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयकारों से बाबा को प्रणाम करते हुए सभी लोग अपने गंतव्य को रवाना हो गए। उसके उपरांत काशी में विभिन्न स्थानों पर स्थित पौराणिक मंदिरों का दर्शन करने के बाद शाम को सभी को रविदास घाट क्रूज के द्वारा काशी के 84 घाटों का अवलोकन कराते हुए गंगा आरती दिखाई जायेगी।
