नई दिल्ली। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के तीसरे सीज़न में नकुल मेहता और दिशा परमार ने एक बार फिर राम और प्रिया के रोल में अपना जादू चलाकर दर्शकों का दिल जीत लिया है। इस शो में चल रही कहानी अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है, जहां राम और प्रिया तीन महीने का शादी का कॉन्ट्रैक्ट करने पर सहमत हो जाते हैं। शादी के बाद अपना नाम ना बदलने से लेकर टॉयलेट सीट हमेशा ऊपर रखने की डिमांड करने तक, प्रिया यह साफ कर देती है कि उसके मिस्टर कपूर से प्यार करने की कभी कोई गुंजाइश नहीं होगी। असल में उसे यह सुनकर आश्चर्य होता है, जब राम उससे कहते हैं कि उन्हें डर है कि वो उनसे प्यार कर बैठेगी। राम की इस खुशफहमी पर प्रिया उनके कॉन्फिडेंस और सेंस ऑफ ह्यूमर पर उन्हें बधाई देती है।
राम और प्रिया की जानी पहचानी-सी लगने वालीं ये शर्तें आपके दिल में भी हलचल मचा देंगी, जहां आपको भी अपने रिश्तों से जुड़ीं ऐसी ही कुछ बातें याद आ जाएंगी। इस समय शो में चल रहे ट्रैक के बारे में बताते हुए एक्टर दिशा परमार कहती हैं, “मुझे राया (राम और प्रिया) की जो बात वाकई अपील करती है वो यह कि दोनों अपने-से लगते हैं। यह शो कई छोटे-छोटे पल दिखाता है, जो हमने अपनी ज़िंदगी में कभी ना कभी महसूस किए हैं और यही बातें दर्शकों को अपील करेंगी।” कहानी में आगे राम और प्रिया की जिंदगी में बहुत-से रोमांचक मोड़ आएंगे। क्या तीन महीने की यह शुरुआती व्यवस्था उन दोनों को गहरे और गंभीर रिश्ते की ओर ले जाएगी? यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

