यूपी की जेल में वेलेंटाइन डे

 

कमलेश भारतीय

क्या यूपी की जेल में वेलेंटाइन डे चल रहे हैं ? यदि फोटो देखें जेल में बंद यूपी के विधायक अब्बास अंसारी और उनकी पत्नी निकहत अंसारी की तो बिल्कुल ऐसा ही लग रहा है कि जेलर के कमरे में कैसे इल्लू इल्लू हो रहा है । अब्बास अंसारी कोई और नहीं माफिया मुख्तार अंसारी का बेटा है । अब बाबा योगीनाथ का बुलडोजर भी क्या कर लेगा या कहिये कि शनि भी क्या बिगाड़ पायेगा ? जेल में निकहत अंसारी प्रतिदिन ग्यारह बजे अपने पति को मिलने पहुंचती थी और तीन चार घंटे इल्लू इल्लू होती थी । शिकायत हुई तो छापा मारा गया । चित्रकूट के एसपी और डीएम ने छापा मारा और निकहत जेलर के कमरे में मिली जबकि अब्बास अपनी बैरक में लौट चुका था ! पुलिस ने जेलर , अब्बास , निकहत और अन्य आठ कर्मचारियों पर केस दर्ज कर लिया है । मनी लांड्रिंग के आरोप अब्बास को नवम्बर में गिरफ्तार किया गया था ।
वैसे जेल को जेलर सचमुच किसी आधुनिक जेल में बदल चुके हैं और अपने कमरे को प्रेमियों का मिलन स्थल में बदल चुके हैं । यहां इतना भारत बदल रहा है तो जेलर ने सोचा कि जेल को भी तो बदलाव की हवा लगनी चाहिए ! वैसे तो कभी राजा भैया के जेल में रहते किस्से कम मशहूर न थे लेकिन वह तो कांग्रेस राज था न ! अब योगीराज में देखिये क्या नयापन आया है ! पप्पू यादव ने भी जेल से ही अपना माफिया चलाये रखा और उसकी जेल की महफिलें भी खूब सामने आईं । हर छोटी जेल में बंद गैंगस्टरों के गैंग जेलरों की मिलीभगत से आराम से चलते रहते हैं । जैमर लगे होने के बावजूद जेल में फोन बरामद होने आम बात है । यहां भी निकहत से दो मोबाइल फोन बरामद किये गये ।
फिल्मों में भी ऐसी ही रंगीन जेलें देखने को मिलती हैं जैसे गुमराह फिल्म में ! कभी डैनी इन जेलों में अफसर होकर भी गलत काम को अंजाम देते हैं । जेलों से कैदियों को फरार होने में मदद देते हैं । जेलों को सुधार गृह बनाने की कोशिशें भी होती रहती हैं पर पहली बार वेलेंटाइन डे मनाने जैसा मौका देकर चौंका दिया !
बुलडोजर बाबा ! सावधान ! बाहर पार्कों में तो रोक लोगे , अपनी ही जेलों में कैसे रोकोगे ?

(पूर्व उपाध्यक्ष, हरियाणा ग्रंथ अकादमी)

Leave a Reply

Your email address will not be published.