पीएम मोदी ने कहा, मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विरोधी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं। देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए। वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब मैं कहता हूं कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की कमीशनखोरी की गारंटी है तो कुछ लोग नाराज हो जाते हैं और वे मोदी को भला बुरा कहने लगते हैं इनकी नाराजगी ही प्रमाण है कि हमारी सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है इसलिए जिनके दामन पर दागदार है वो आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। उनको लगता है कि ऐसा करना से वे मोदी को डरा लेंगे। कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है। यहां पर कोयला माफिया, रेत माफिया, भूमि माफिया… न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल बन चुकी है इसलिए आज एक ही आवाज सुनाई दे रही है कि इस बार कांग्रेस की सरकार बदली जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में भाषण देते हुए 2024 के चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी। अपने भाषण में उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जनता के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। लेकिन इसी के साथ प्रधानमंत्री ने जनता को कांग्रेस के चुनावी वादों से सावधान रहने की चेतावनी भी दे दी। इस चेतावनी से यह संकेत मिलता है कि भाजपा भी समझ रही है कि कांग्रेस के चुनावी वादे उसे हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक की तरह नुकसान पहुंचा सकते हैं। भाजपा इस संभावित नुकसान से बचने के लिए क्या रणनीति अपना रही है?

पीएम मोदी ने अपने भाषण में जनता को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि कांग्रेस जनता से वादे तो करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसे पूरा करने में कमजोर रह जाती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराबबंदी और जनता के घर बनाने के वादे किए गए थे, लेकिन इन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने वादों पर खरी उतरती है। वादों के अनुसार गरीब लोगों के मकान बनाए जा रहे हैं और आदिवासियों और पिछड़ों का विकास किया जा रहा है।
भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज छत्तीसगढ़ सरकार के भ्रष्टाचार और असफलता पर बात की। उन्होंने जनता से अपील की है कि ऐसी भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए…छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.