रणवीर सिंह
चेन्नई। एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप तमिलनाडु 2025 के पहले पूल-बी मुकाबले में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने चिली को 7-0 से मात देकर विजयी आगाज किया। यह मुकाबला चेन्नई के एग्मोर स्थित मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में शुक्रवार को हुए भव्य उद्घाटन समारोह के बाद खेला गया। भारत की ओर से रोशन कुजूर (16’, 21’), दिलराज सिंह (25’, 34’), अजीत यादव (35’), अनमोल एक्का (48’) और कप्तान रोहित (59’) ने गोल दागे। वहीं, गोलकीपर विक्रमजीत सिंह और प्रिंस दीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिली को एक भी गोल नहीं करने दिया।
पहला क्वार्टर मेहमान टीम चिली के लिए उम्मीदों भरा रहा, जहां उन्होंने अनुभवहीन नहीं दिखते हुए भारतीय टीम को चुनौती पेश की। भारत को आसान मौके नहीं मिले, हालांकि दिलराज सिंह ने सर्कल में कई आक्रामक मूव बनाकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत भारत ने आक्रामक अंदाज में की और 16वें मिनट में रोशन कुजूर ने पहला गोल दागकर चेन्नई की दर्शक दीर्घा में जोश भर दिया। इसके तुरंत बाद 21वें मिनट में रोशन ने एक और शानदार गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। मिडलाइन से आया बेहतरीन पास रोशन ने पूरी कुशलता से कलेक्ट कर गोल में परिवर्तित किया। इसके बाद मैच पर भारत का पूरा नियंत्रण हो गया और चिली की पहली क्वार्टर वाली मजबूती टूटने लगी।
इसके बाद 25वें मिनट में दिलराज सिंह ने गोल करते हुए भारत को 3-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने अपना चौथा गोल 34वें मिनट में किया, जब अंकित पाल ने तीन चिली डिफेंडरों को छकाते हुए सर्कल में मौजूद दिलराज को पास दिया। दिलराज ने बेहतरीन टर्न लेते हुए गेंद को नेट में पहुंचाया। अगले ही मिनट यानी 35वें मिनट में अजीत यादव ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 5-0 कर दिया, जिससे चिली के लिए वापसी की कोई गुंजाइश नहीं बची।
अंतिम क्वार्टर में भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। 48वें मिनट में अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार फ्लिक लगाकर भारत का छठा गोल किया। यह पीसी मनमीत सिंह की सूझबूझ का नतीजा था, जिन्होंने चिली डिफेंडर के पैर पर गेंद लगवाकर पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया। मैच के 59वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे कप्तान रोहित ने गोल में बदलकर भारत की जीत 7-0 से पक्की कर दी।
इस शानदार जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपने खिताबी अभियान का प्रभावशाली आगाज किया और बाकी टीमों के लिए कड़ा संदेश भी दे दिया।

