पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल का 73 वर्ष की आयु में निधन, रह चुके हैं मिजोरम के राज्यपाल

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को बताया कि वरिष्ठ नेता और दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल का 4 दिसंबर 2025 को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज, 4 दिसंबर, 2025 को लोधी रोड श्मशान घाट पर संपन्न होगा। स्वराज कौशल मिज़ोरम के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ अधिवक्ता थे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल जी के निधन की खबर बेहद दुखद है। उनका सार्वजनिक जीवन और विधिक क्षेत्र में योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्र और समाज के प्रति जो सेवा दी, वह अविस्मरणीय है। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ सांसद बांसुरी स्वराज और उनके समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को सहनशीलता प्रदान करें। ॐ शांति।

भाजपा के मालवीय नगर विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। वह दिवंगत सुषमा स्वराज के पति और सांसद बांसुरी स्वराज के पिता थे। उन्होंने ईमानदारी, बुद्धिमत्ता और समर्पण के साथ देश की सेवा की।

एक प्रतिष्ठित कानूनी विशेषज्ञ और पूर्व सांसद, कौशल का सार्वजनिक जीवन और न्यायपालिका में विशिष्ट करियर रहा। उनके निधन से राजनीतिक और कानूनी हलकों में एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है।

मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह ने कहा कि देश के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल जी, जो मिज़ोरम के राज्यपाल और राज्यसभा सांसद रहे, के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति दें।

बिप्लब कुमार देब ने भी कहा कि मिजोरम के पूर्व राज्यपाल व वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल जी के निधन पर मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूं। एक कुशल प्रशासक और जनसेवक के रूप में उनका समर्पण हमेशा याद रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिवार को यह आघात सहन करने का साहस प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.