डरने वालों में से नहीं हूं, जनता के मुद्दे पर दिल्ली सरकार को एक्सपोज करता रहूंगा : संजीव झा

नई दिल्ली। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण की समस्याओं से लोगों को अधिक दो-चार होना पड रहा है। उसी इलाकों में शुमार है बुराडी विधानसभा। बुराडी विधानसभा के विधायक श्री संजीव झा बीते कई दिनों से जनता के हितों की बात करते हुए प्रदूषण की समस्या के समाधान को लेकर सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से उन्होंने कई सवाल किए। आम आदमी पार्टी के नेता और विधायक संजीव झा का कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से भाजपा के कुछ क्षेत्रीय नेता कुछ नेता उनके खिलाफ अफवाह फैलाने और उनके मकान मालिक को धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। संजीव झा ने साफ कहा कि हम डरने वाले नहीं, लड़ने वाले लोग हैं। जो सच है, उसे बोलेंगे और जनता की अदालत में ले कर जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि बुराड़ी में पिछले एक दशक में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

एक सवाल के जवाब में विधायक संजीव झा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में किए गए प्रमुख कामों का ब्यौरा दिया। उनके अनुसार, बुराडी विधानसभा में 17,000 से अधिक गलियों का निर्माण किया। 1,700 किमी पानी की पाइपलाइन बिछाई गई। 89 कॉलोनियों और 7 गांवों में सीवर लाइन डाली गई। बुराडी विधानसभा के कौशिक में 800 बेड का आधुनिक अस्पताल बना। 487 से अधिक क्लासरूम तैयार किए गए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि जब वे पहली बार विधायक बने तो इस विधानसभा में केवल एक छठ घाट सरकारी दस्तावेजों में था, वर्तमान में 34 छठ घाटों का निर्माण कराया और इन्हें सरकारी सुविधाएं मिलती हैं। इसके साथ ही पावर ग्रिड, ट्रांसफॉर्मर, बस डिपो सहित कई आधारभूत परियोजनाएं में उल्लेखनीय काम हुआ है।

वर्तमान दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए आप नेता संजीव झा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आने के बाद क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं। टेंडर जारी नहीं हो रहे, सफाई व्यवस्था चरमरा रही है। कई सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की कमी है। मरीजों की सुनवाई नहीं हो रही है। यमुना पुनः प्रदूषण की गिरफ्त में है। संजीव झा ने कहा कि जब वे इन मुद्दों पर सवाल उठाते हैं तो भाजपा नेताओं को परेशानी होती है। उन्होंने चेतावनी दी, “मैं रोज एक-एक गड़बड़ी एक्सपोज करूंगा। लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहूंगा। जितना डराओगे, उतनी मजबूती से सवाल करूंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published.