नई दिल्ली। दिल्ली आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भाजपा कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के एक वीडियो को लेकर किया गया, जिसे भाजपा नेताओं—विशेषकर मंत्री कपिल मिश्रा—द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। AAP का आरोप है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसमें ऐसे शब्द जोड़े गए हैं, जो आतिशी ने कहे ही नहीं थे।
AAP नेताओं का कहना है कि वीडियो में सिख गुरुओं से संबंधित कथन जोड़कर जानबूझकर भ्रम फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई। पार्टी ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, “AAP कार्यकर्ता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर हम भाजपा कार्यालय के पास आए हैं। यह स्पष्ट हो चुका है कि भाजपा मंत्री कपिल मिश्रा ने आतिशी के वीडियो में झूठे शब्द जोड़े और देश में सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।”
प्रदर्शन के दौरान AAP कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

