प्रधानमंत्री ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के विशेष ‘एग्जाम वॉरियर्स’ एपिसोड को देखने की अपील की

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों, विशेषकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से 6 फरवरी, 2026 को प्रसारित होने वाले ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के विशेष ‘एग्जाम वॉरियर्स’ एपिसोड को अवश्य देखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का प्रेरक उदाहरण है।

परीक्षा सत्र के निकट आने के साथ प्रधानमंत्री ने एक बार फिर ‘परीक्षा पे चर्चा’ के माध्यम से छात्रों से संवाद स्थापित किया। इस वर्ष यह संवाद देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी तथा नई दिल्ली स्थित 7, लोक कल्याण मार्ग पर आयोजित विशेष सत्रों में हुआ, जहां ‘एग्जाम वॉरियर्स’ के साथ संवादमूलक चर्चा की गई।

प्रधानमंत्री ने इन संवादों को ताजगी भरा और प्रेरणादायक बताते हुए छात्रों के उत्साह, खुलेपन और जिज्ञासा की सराहना की। उन्होंने तनावमुक्त परीक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए छात्रों को चुनौतियों का सामना करने, संतुलन बनाए रखने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव दिए।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “जैसे-जैसे परीक्षाएं निकट आ रही हैं, #ParikshaPeCharcha भी वापस आ गया है! इस बार देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग में #ExamWarriors के साथ चर्चा हुई। अपने युवा मित्रों से संवाद कर बहुत अच्छा लगा। 6 फरवरी को इस विशेष एपिसोड को अवश्य देखें।”

‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम छात्रों के बीच अत्यंत लोकप्रिय है, जिसमें प्रधानमंत्री सीधे विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें परीक्षा के तनाव से मुक्त रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.