गल्फ क्षेत्र में भारतीय जहाज सुरक्षित, LPG से लदे दो पोत होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर रवाना

नई दिल्ली। शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव Rajesh Sinha ने जानकारी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय जहाज और नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में किसी भी प्रकार की समुद्री घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।

राजेश सिन्हा के अनुसार, मंगलवार देर शाम दो भारतीय ध्वज वाले एलपीजी कैरियर—“पाइन गैस” और “जग वसंत”—सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर बढ़ चुके हैं। दोनों जहाज एलपीजी से पूरी तरह लदे हुए हैं।

“पाइन गैस” जहाज करीब 45,000 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आ रहा है और इसके 27 मार्च की सुबह न्यू मैंगलोर पोर्ट पहुंचने की संभावना है। वहीं, दूसरा जहाज “जग वसंत” लगभग 47,600 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर कांडला बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है, जिसके 26 मार्च तक पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने आगे बताया कि इन दोनों जहाजों के फारस की खाड़ी से निकलने के बाद अब वहां 20 भारतीय ध्वज वाले जहाज मौजूद हैं, जिन पर करीब 540 भारतीय नाविक सवार हैं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी बंदरगाह पर भीड़भाड़ या अव्यवस्था की कोई खबर नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.