रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात, झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र की रेल समस्याओं के समाधान की उठी मांग

नई दिल्ली। झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रामप्रीत मंडल ने विभिन्न रेल मुद्दों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए।

सांसद रामप्रीत मंडल ने बताया कि झंझारपुर जंक्शन को नवंबर 2024 में अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया था, लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी यहां कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, विशेष रूप से प्लेटफॉर्मों के बीच आवाजाही के लिए फुटओवर ब्रिज नहीं है। ऐसे में स्टेशन के पुनर्विकास, हाई मास्ट लाइट, कोच इंडिकेटर डिस्प्ले, एसी प्रतीक्षालय और अन्य सुविधाओं के शीघ्र निर्माण की मांग की गई।

इसके अलावा, लौकहा बाजार रेलवे स्टेशन पर वाशिंग पिट, स्टेबलिंग लाइन और पिट लाइन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। नेपाल सीमा से सटे इस अंतिम रेलवे स्टेशन के विकास से दरभंगा स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने और ट्रेनों के विस्तार में मदद मिलने की बात कही गई।

प्रतिनिधिमंडल ने लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन (04013/04014) को नियमित करने की भी मांग उठाई। साथ ही लौकहा से पटना वाया दरभंगा एक नई नियमित ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया।

सांसद ने दरभंगा से चलने वाली जननायक एक्सप्रेस (15211/15212) और सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (14047/48) को लौकहा बाजार तक विस्तारित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई, क्योंकि ये ट्रेनें गंतव्य स्टेशन पर लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। इसके साथ ही
जयनगर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस (12435/12436), जो वर्तमान में सप्ताह में केवल दो दिन संचालित होती है, उसे प्रतिदिन चलाने की मांग भी की गई, ताकि बढ़ती यात्री संख्या को बेहतर सुविधा मिल सके।

इसके अलावा झंझारपुर और घोंघरडीहा में जलजमाव की समस्या के समाधान, तमुरिया, राजनगर और खजौली रेलवे स्टेशनों पर सभी ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे क्षेत्र में रेल सेवाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान माननीय सांसद Sunil Kumar भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.