गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया के बाद तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। राज्य की 124 विधानसभा सीटों पर कुल 776 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। यह जानकारी चुनाव अधिकारियों ने दी।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, कुल 126 सीटों में से 124 सीटों के नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो चुकी है, जबकि बारपेटा और ढेकियाजुल सीटों के लिए जांच प्रक्रिया 25 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, इस चुनाव के लिए कुल 815 उम्मीदवारों ने 1389 नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिनमें से जांच के बाद 776 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए। उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च 2026 दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है।
इसी बीच, Gaurav Gogoi ने गठबंधन सहयोगियों के समर्थन से Indian National Congress के उम्मीदवार के रूप में जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने समर्थकों के साथ जोरहाट उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर नामांकन पत्र जमा किया।
नामांकन से पहले गोगोई ने अपने पिता, पूर्व मुख्यमंत्री Tarun Gogoi को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा, मंदिर, नामघर, मस्जिद और चर्च जाकर आशीर्वाद लिया और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
वहीं, नामांकन जांच के दौरान कई उम्मीदवारों के पर्चे खारिज भी किए गए हैं। हाफलोंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता निर्मल लंगथासा का नामांकन रद्द कर दिया गया। हालांकि, इसी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार नंदिता गारलोसा का नामांकन स्वीकार कर लिया गया है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma के जलुकबारी क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विदिशा नेओग और ढाकुआखाना से आनंद नराह के नामांकन पत्रों के एक-एक सेट खारिज किए गए, लेकिन उनके अन्य नामांकन स्वीकार होने से उनकी उम्मीदवारी बरकरार रही।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुछ अन्य उम्मीदवारों के नामांकन भी विभिन्न कारणों से रद्द किए गए हैं। हालांकि, खारिज किए जाने के कारणों का विस्तृत विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। अंतिम उम्मीदवारों की सूची जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।
असम समेत Kerala और Puducherry में भी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है, जिससे इन क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

