रणवीर सिंह
नई दिल्ली। स्पेन के ग्रेनाडा स्थित लास गाबियास शूटिंग रेंज में जारी आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप में भारत के लिए गुरुवार का दिन मिश्रित प्रदर्शन लेकर आया। महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में दिव्या टीएस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया, जबकि पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में पदार्पण कर रहे गजानन खंडागले ने पांचवें स्थान पर रहकर सबका ध्यान खींचा।
दिव्या टीएस ने अपने तीसरे व्यक्तिगत वर्ल्ड कप फाइनल में 28 अंक जुटाए और पदक से मामूली अंतर से चूक गईं। वहीं, रिदम सांगवान ने भी फाइनल में जगह बनाई, लेकिन वह सातवें स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा में चीन की टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता शियाओ जियारुईशुआन ने स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में उन्हें अपनी ही देश की युवा खिलाड़ी कोंग जियरू से कड़ी टक्कर मिली, जहां दो बार शूट-ऑफ के बाद विजेता का फैसला हुआ। पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता कैमिली जेड्रजेव्स्की ने 34 अंकों के साथ दिव्या को पीछे छोड़ते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
क्वालिफिकेशन राउंड में रिदम सांगवान ने 586 अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया था, जबकि दिव्या ने 585 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। सिमरनप्रीत कौर बरार 575 अंकों के साथ 30वें स्थान पर रहीं।
पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में गजानन खंडागले ने शानदार शुरुआत करते हुए 634.3 अंक के साथ क्वालिफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया। वह स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन से मात्र 0.2 अंक पीछे रहे। फाइनल में गजानन ने 187.5 अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन के ओलंपिक और विश्व चैंपियन शेंग लिहाओ ने जीता। सर्बिया के अलेक्सा राकोनजाक ने रजत और विक्टर लिंडग्रेन ने कांस्य पदक हासिल किया।
भारत के अन्य निशानेबाजों में अर्जुनदीप सिंह 629.5 अंकों के साथ 21वें और धनुष श्रीकांत 629.2 अंकों के साथ 23वें स्थान पर रहे।
महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (3P) स्पर्धा में भी भारत के लिए अच्छी खबर रही। अंजुम मौदगिल ने 592 अंक के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया, जबकि आयुषी पोद्दार (587) और सुरभि भारद्वाज रापोले (582) ने भी एलिमिनेशन राउंड पार कर मुख्य क्वालिफिकेशन में जगह बना ली। कुल 75 में से 58 निशानेबाज अगले दौर में पहुंचे।
भारत के युवा निशानेबाजों का यह प्रदर्शन भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत दे रहा है, जहां नए चेहरे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं।

