पहला ‘वैदेही सम्मान 2026’ पद्मश्री गंगा देवी को, कार्यक्रम 25 अप्रैल 2026 से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में शुरू

नई दिल्ली। जानकी नवमी के पावन अवसर पर मिथिला की महान कला परंपरा को सम्मानित करते हुए ‘वैदेही सम्मान 2026’ प्रख्यात मिथिला चित्रकार पद्मश्री गंगा देवी को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान मधुबनी लिटरेचर फेस्टिवल और सीएसटीएस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘वैदेही कार्यक्रम’ में दिया जाएगा।
यह कार्यक्रम 25 अप्रैल 2026 से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में शुरू होगा। आयोजकों के अनुसार, गंगा देवी को उनकी अदम्य जीवटता, कला के प्रति समर्पण और मिथिला पेंटिंग को वैश्विक पहचान दिलाने में उनके अतुलनीय योगदान के लिए इस सम्मान हेतु चुना गया है।

मधुबनी जिले के रसीदपुर गांव की निवासी गंगा देवी ने बचपन से ही मिथिला पेंटिंग की साधना शुरू कर दी थी। उनकी कला में पारंपरिक मिथिला शैली के साथ उनकी व्यक्तिगत दृष्टि और सृजनात्मकता की अनूठी छाप स्पष्ट दिखाई देती है। उनके योगदान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। इसी उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1984 में भारत सरकार द्वारा ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया था, साथ ही उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

आयोजक डॉ सविता झा ने बताया कि ‘पद्मश्री गंगा देवी सम्मान 2026’ मधुबनी जिले के सौराठ स्थित मिथिला चित्रकला संस्थान को भी समर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही अगले वर्ष से पद्मश्री गंगा देवी के नाम पर एक विशेष फेलोशिप शुरू करने की योजना है, जिससे मिथिला कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

यह आयोजन न केवल मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का माध्यम बनेगा, बल्कि देश-विदेश में इस पारंपरिक कला शैली को और अधिक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.