नई दिल्ली/दमन। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज दमन में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नमो अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, और यह अस्पताल उसी संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल दमन एवं दीव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल के संचालन से स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए लिखा कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य उपचार उपलब्ध कराने के प्रयासों के तहत दमन में नमो अस्पताल का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस है और केंद्र शासित प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
नमो अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं, उन्नत जांच सुविधाएं तथा बेहतर उपचार व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम करनी पड़ेगी।
सरकार का मानना है कि यह अस्पताल क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

