एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों का जलवा, धिल्लों और पाटिल ने दिलाया डबल पोडियम

रणवीर सिंह

आइची-नागोया ( जापान) । 20वें एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर राइफल में तीन पदक अपने नाम किए। पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु धिल्लों ने रजत और रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक जीता। वहीं, भारतीय टीम ने इसी स्पर्धा के टीम इवेंट में रजत पदक हासिल किया।

सुबह हुए क्वालिफिकेशन राउंड के स्कोर को ही टीम स्पर्धा के लिए भी माना गया। रुद्रांक्ष पाटिल ने 631.8 अंक, हिमांशु धिल्लों ने 630.0 अंक और पार्थ माने ने 628.3 अंक हासिल किए। भारतीय टीम का कुल स्कोर 1890.1 रहा और वह दूसरे स्थान पर रही।

चीन ने 1899.0 अंक के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया ने 1884.2 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

व्यक्तिगत फाइनल में भी पाटिल और धिल्लों ने शानदार प्रदर्शन किया। रुद्रांक्ष ने शुरुआत में बढ़त बनाई और 12 शॉट के बाद 127.4 अंक के साथ शीर्ष पर रहे। हिमांशु 126.6 और चीन के शेंग लिहाओ 126.3 अंक के साथ उनके पीछे थे।

मुकाबला आगे बढ़ने के साथ शेंग ने बढ़त हासिल कर ली। 22 शॉट के बाद रुद्रांक्ष पाटिल 230.9 अंक के साथ बाहर हुए और उन्हें कांस्य पदक मिला।

इसके बाद हिमांशु धिल्लों ने चीन के शेंग लिहाओ के साथ स्वर्ण पदक के लिए अंतिम मुकाबला किया। शेंग ने 233.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि हिमांशु ने 231.0 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

इस प्रदर्शन के साथ एशियन गेम्स में भारत की शूटिंग पदकों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत ने रजत पदक जीता था। खास बात यह है कि अब तक शूटिंग में भारत के तीनों पदक 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा से आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.