सांसद मनोज तिवारी ने सुनी लोगों की समस्याएं

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने केशव चौक शाहदरा के पास स्थित झील वाले पार्क का दौरा किया और वहां सुबह की सैर करने आए हजारों लोगों से बातचीत की एवं उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर बिपिन बिहारी सिंह, स्थायी समिति के अध्यक्ष मास्टर सत्यपाल सिंह, पूर्वी दिल्ली नगर निगम शाहदरा उत्तरी क्षेत्र जोन के निगम उपायुक्त दीपक शिंदे, सभी निगम अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।
सांसद मनोज तिवारी ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा भी लिया और झील वाले पार्क के अंदर गंदे पानी के जल शोधक संयंत्र का निरीक्षण भी किया। पार्क में घूमने आए हजारों लोगों ने पार्क की सफाई, मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था के अभाव की शिकायत की। तमाम समस्याओं के बीच पार्क में सुबह की सैर करने आए हजारों लोग इस बात से खुश थे उनकी समस्या सुनने के लिए उनके बीच में क्षेत्र के सांसद मनोज तिवारी स्वयं मौजूद थे और इससे भी ज्यादा खुशी उन्हें इस बात की थी कि दौरे की भनक मिलते ही निगम के सभी विभाग के अधिकारी अपने इंतजामों के साथ मौके पर पहुंचे। पार्क के पेड़ों को धोया जाने लगा धूल न उड़े उसके लिए आधुनिक मशीनों से पानी का स्प्रे किया गया और युद्ध स्तर पर पूरे पार्क की सफाई शुरू कर दी गयी।
मनोज तिवारी ने पार्क के रखरखाव में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए निगम अधिकारियों को निर्देश दिया, सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्थानीय वैलकम थाना के प्रभारी राजकुमार को मौके पर बुलाकर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में उपस्थित हजारों लोगों को विश्व योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया और आगामी 3 माह में झील वाले पार्क में एक बड़े सुधार का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विश्व योग दिवस पर हजारों क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकतार्ओं के साथ केन्द्रीय मंत्री उमा भारती के साथ वह स्वयं योग अभ्यास करेंगे।
क्षेत्रीय निवासियों और अधिकारियों से बातचीत करने के बाद मनोज तिवारी ने कहा कि अगर पार्क का समुचित विकास किया जाए तो न सिर्फ क्षेत्र निवासियों के लिए बल्कि दिल्ली में आने वाले पर्यटकों के लिए एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और केंद्र सरकार के सहयोग के साथ-साथ अन्य संभावनाओं पर विचार किया जाएगा और पार्क के विकास के लिए आगामी दिनों में प्रस्तावित योजनाओं को अंतिम रुप देने के लिए वह प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर नवीन शाहदरा के जिला अध्यक्ष श्री कैलाश जैन, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. यू.के. चौधरी, मीडिया विभाग के सह-प्रमुख आनंद त्रिवेदी, वेलकम मंडल के अध्यक्ष प्रदीप त्यागी, निगम पार्षद अजय शर्मा, राम नगर के मंडल अध्यक्ष धरमवीर नागर, निगम पार्षद सुमन लता नागर, गीता जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष राजकुमार भाटी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.