रणवीर सिंह
नई दिल्ली: भारत में निशानेबाजी खेल को एक नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से शूटिंग लीग ऑफ इंडिया (SLI) अपनी बहुप्रतीक्षित शुरुआत के लिए तैयार है। राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के अध्यक्ष कालिकेश सिंह देव ने इसे निशानेबाजी खेल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है। इस लीग का उद्देश्य खेल की दृश्यता बढ़ाना, प्रशंसकों की भागीदारी सुनिश्चित करना और जमीनी स्तर तक इसका विस्तार करना है।
कालिकेश सिंह देव ने कहा, “मैं शुरुआत से ही स्पष्ट था कि भारतीय निशानेबाजों की लगातार सफलता — चाहे वह ओलंपिक हो, एशियाई खेल हों या पिछले पांच वर्षों में वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रदर्शन — को देखते हुए, एक फ्रेंचाइज़ी आधारित लीग अगला स्वाभाविक कदम था। और चूंकि दुनिया भर में ऐसा कोई मॉडल मौजूद नहीं है, हमें यह कदम उठाना ही था।”
उन्होंने आगे कहा, “अब तक जिस तरह से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, संभावित फ्रेंचाइज़ियों, प्रायोजकों और प्रसारकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है, वह वाकई उत्साहजनक है। यह एक जबरदस्त यात्रा रही है।”
कालिकेश के अनुसार, इस लीग का मकसद निशानेबाजों को पहचान दिलाना और खेल को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे खिलाड़ी — घरेलू हों या अंतरराष्ट्रीय — एक जाना-पहचाना नाम बनें। निशानेबाजी एक ऐसा खेल है, जिसे और ज्यादा दृश्यता मिलनी चाहिए, और यह लीग उस दिशा में एक बड़ा कदम है।”
उन्होंने यह भी कहा, “हम इस लीग को धीरे-धीरे राष्ट्रीय से लेकर राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर तक ले जाना चाहते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि एक बार यह लीग शुरू हो गई, तो इसकी लोकप्रियता खुद ब खुद बोलेगी। निशानेबाजी पहले से ही सबसे तेजी से बढ़ने वाले खेलों में से एक है, और यह लीग इस आंदोलन को और आगे ले जाएगी।”
प्रशंसकों की भागीदारी पर बोलते हुए कालिकेश ने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे प्रशंसक इस खेल, खिलाड़ियों और फ्रेंचाइज़ियों से गहराई से जुड़ें। इसके लिए हमें तकनीक का सहारा लेना होगा, नवाचार को अपनाना होगा, और जरूरत पड़ी तो वर्चुअल रियलिटी जैसे नए तरीकों की भी मदद लेनी होगी। हमारा लक्ष्य यह है कि हर एक शॉट में प्रशंसक की पूरी भागीदारी हो और वे भारत के इस सफलतम खेल के समर्थन में खड़े हों।”

