नई दिल्ली। फिल्म उद्योग में भाई नाम से बेहद लोकप्रिय मेगा स्टार सलमान खान भारतीय मनोरंजन उद्योग की ब्लॉकबस्टर शख़्सियतों में से एक हैं। सिने उद्योग के दिग्गज ने तीन दशकों से भी अधिक समय से लाखों दिलों पर राज किया है और अब दुबई में आप की अदालत के स्पेशल एपिसोड में आपके सामने हॉट सीट पर पेश होंगे। आखिरी बार 2014 में इस शो में शिरकत करने के बाद इस सप्ताह के अंत में इंडिया टीवी के एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा के साथ एक बार फिर सलमान खान की दिलचस्प बात होने वाली है।
इंटरव्यू में सलमान ने कहा, ‘‘ओटीटी में गंदी भाषा और नग्नता दिखाने का चलन काफी बढ़ गया है जो मुझे पसंद नहीं है। इस पर सेंसर लगना चाहिए। मेरी फिल्मों में कभी भी अश्लीलता को कोई जगह नहीं दी जाती है। मैं चाहता हूं कि लोग परिवार के साथ हमारी फिल्में देखें। उन्हें पठान की सफलता का श्रेय मिलने के बारे में सलमान ने कहा, ‘‘पठान की सफलता का सेहरा पूरी तरह शाहरुख को मिलना चाहिए। उन्होंने इस फिल्म के लिए बहुत मेहनत की और वे इस सफलता के हकदार हैं।’’
इस खुले मंच पर बेबाकी से बात करने के साथ सलमान कई रोमांचक वाकये सुनाएंगे। अपनी हालिया रिलीज, आने वाले प्रोजेक्ट और निजी जीवन सहित कई अन्य विषयों पर बात करेंगे।
यह इंटरव्यू ईद-उल-फितर के मौके पर आई सलमान खान की सबसे हाल की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ की रिलीज के लगभग एक सप्ताह बाद होने वाला है। गौरतलब है कि यह पारिवारिक मनोरंजन अब तक पूरी दुनिया में 120 करोड़ रुपयों ंसे अधिक की कमाई कर चुकी है।रजत शर्मा की आप की अदालत सबसे लंबे समय तक चलने वाला टीवी शो है। इसकी दो दशकों से अधिक की बेजोड़ विरासत है। 1993 में लाॅन्च के बाद से यह हमेशा सुर्खियांे में रहा है। आप की अदालत में राजनेता, फिल्म सितारे, एथलीट और गुरु सहित 1000 से अधिक हस्तियां हाजिर हो चुकी हैं। यह शो इंडिया टीवी पर हर शनिवार रात 10 बजे प्रसारित होता है और रविवार सुबह 10 बजे और फिर रात 10 बजे दुबारा प्रसारित किया जाता है।

