अडानी डिफेंस और लियोनार्डो की रणनीतिक साझेदारी: भारत में हेलीकॉप्टर निर्माण इकोसिस्टम को मिलेगा नया आयाम

नई दिल्ली। अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की प्रमुख रक्षा एवं एयरोस्पेस इकाई अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने वैश्विक रक्षा, एयरोस्पेस और सुरक्षा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी लियोनार्डो के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस रणनीतिक साझेदारी का उद्देश्य भारत में एक पूर्णत: एकीकृत हेलीकॉप्टर निर्माण इकोसिस्टम का विकास, निर्माण और रखरखाव करना है, जो देश की बढ़ती सैन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ भारत को हेलीकॉप्टर निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में अग्रसर करेगा।

यह साझेदारी विशेष रूप से भारतीय सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लियोनार्डो के अत्याधुनिक AW169M और AW109 TrekkerM हेलीकॉप्टरों के लिए चरणबद्ध स्वदेशीकरण (Indigenization), मजबूत MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) क्षमता और व्यापक पायलट प्रशिक्षण अवसंरचना स्थापित करेगी।

लियोनार्डो की विश्वस्तरीय हेलीकॉप्टर डिजाइन और इंजीनियरिंग विशेषज्ञता को अडानी डिफेंस की एंड-टू-एंड रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षमता के साथ जोड़ते हुए यह पहल आत्मनिर्भर भारत के विजन को सशक्त बनाएगी। साथ ही, यह पहल भविष्य में नागरिक उड्डयन क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला के साथ भी जुड़ने की संभावनाएं रखती है।

इस इकोसिस्टम के माध्यम से इंजीनियरिंग, विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और रखरखाव सेवाओं में हजारों उच्च-कौशल रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे भारत हेलीकॉप्टर उत्पादन में एक प्रतिस्पर्धी वैश्विक केंद्र के रूप में उभरेगा।

जीत अडानी, निदेशक, अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने कहा,”लियोनार्डो के साथ यह गठबंधन भारत में एक सुदृढ़ और भविष्य के अनुरूप हेलीकॉप्टर इकोसिस्टम बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। वैश्विक उत्कृष्टता और हमारी औद्योगिक क्षमता के मेल से हम दीर्घकालिक मूल्य, उच्च-कौशल रोजगार और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देंगे।”

आशीष राजवंशी, सीईओ, अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने कहा, “अगले दशक में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा 1000 से अधिक हेलीकॉप्टरों की संभावित मांग को देखते हुए यह साझेदारी संप्रभु विनिर्माण के हमारे विजन को साकार करेगी। इससे स्वदेशीकरण को गति मिलेगी, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और भारत विश्वस्तरीय उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित होगा।”

जियान पिएरो कुटिलो, प्रबंध निदेशक, लियोनार्डो हेलीकॉप्टर्स ने कहा, “भारत के रोटरक्राफ्ट उद्योग की बढ़ती भूमिका के विजन में योगदान देने के लिए अडानी के साथ साझेदारी कर हम बेहद प्रसन्न हैं। हमारी पूरक विशेषज्ञताओं के माध्यम से हम भारत को आधुनिक तकनीक और परिचालन क्षमता उपलब्ध कराने की दिशा में मिलकर कार्य करेंगे।”

यह रणनीतिक साझेदारी भारत के एयरोस्पेस परिदृश्य को नया स्वरूप देने के साथ रक्षा आत्मनिर्भरता को मजबूती देगी और देश को हेलीकॉप्टर निर्माण एवं रखरखाव का एक विश्वसनीय वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.