अहमदाबाद (गुजरात)। अडानी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) और जियो-बीपी (रिलायंस बीपी मोबिलिटी लिमिटेड का ब्रांड) ने भारत में उपभोक्ताओं को बेहतर ऑटो ईंधन अनुभव प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत, चयनित ATGL आउटलेट्स पर अब जियो-बीपी के उच्च-प्रदर्शन वाले पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि जियो-बीपी के चुनिंदा आउटलेट्स पर ATGL के CNG डिस्पेंसिंग यूनिट्स लगाए जाएंगे। यह सहयोग ATGL के अधिकृत भौगोलिक क्षेत्रों (GA) में लागू होगा।
ATGL, अडानी और TotalEnergies की संयुक्त उपक्रम कंपनी है और भारत की अग्रणी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों में से एक है। यह घरेलू, औद्योगिक, वाणिज्यिक और वाहन चालकों को प्राकृतिक गैस, संपीड़ित बायोगैस (CBG), ईवी चार्जिंग और LNG जैसी सेवाएं प्रदान करती है।
वहीं जियो-बीपी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और ब्रिटिश पेट्रोलियम (bp) की संयुक्त कंपनी है जो भारत में मोबिलिटी समाधान, ईंधन खुदरा, कम-कार्बन विकल्पों और आधुनिक कंवीनिएंस स्टोर्स के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
सार्थक बहुरिया, चेयरमैन, जियो-बीपी ने कहा, “हम एक साझा विज़न से जुड़े हैं, जिसमें ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले ईंधनों की बेहतरीन रेंज उपलब्ध कराना शामिल है। यह साझेदारी हमें एक-दूसरे की ताकतों का लाभ उठाने का अवसर देगी।”
सुरेश पी. मंगलानी, कार्यकारी निदेशक और सीईओ, अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने कहा, “हमारी सोच है कि ग्राहकों को एक ही स्थान पर ईंधनों की पूरी श्रृंखला उपलब्ध कराई जाए। यह साझेदारी इंफ्रास्ट्रक्चर साझा कर ग्राहक अनुभव को और बेहतर बनाएगी।”
यह समझौता दोनों कंपनियों के वर्तमान और भविष्य के सभी आउटलेट्स पर लागू होगा। फिलहाल ATGL के पास लगभग 650 CNG स्टेशनों का नेटवर्क है, जबकि जियो-बीपी के पास 2000 से अधिक आउटलेट्स हैं। रणनीतिक साझेदारी भारत में सतत विकास, नवाचार और बेहतर ईंधन सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराएगा और देश के मोबिलिटी सेक्टर को मजबूती देगा।

