आडवाणी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की एक अनुपम मिसालः रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठतम नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की एक अनुपम मिसाल है, जो हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी दूरदृष्टि, नीतिगत दृढ़ता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता हमें निरंतर जनसेवा और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने ईश्वर से आडवाणी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करते हुए कहा कि आपका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमें सदा प्राप्त होता रहे।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लगातार केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करके विकसित दिल्ली को लेकर चर्चा कर रही है। इसके अलावा दिल्ली बजट को लेकर मुख्यमंत्री महिलाओं, शिक्षाविदों और व्यापारियों से संवाद करके उसके सुझाव ले रही है। दिल्ली सरकार का बजट सत्र 24 से 28 मार्च तक चलेगा। दिल्ली सरकार 25 मार्च को अपना बजट पेश करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.