
गाजियाबाद। देश की हाईटेक सिटी वेव सिटी में आए दिन किसानों के नाम पर मुआवजा को लेकर अराजक तत्व डर का माहौल पैदा कर रहे हैं। अराजक तत्वों के हुड़दंग से वेव सिटी स्थित एक स्कूल के सैकड़ों छात्रों के बीच डर का माहौल बन गया है। छात्रों के साथ—साथ उनके अभिभावक और स्थानीय निवासियों में भी डर का माहौल बन गया है।
मंगलवार को किसानों के नाम पर अराजक तत्व वेव सिटी परिसर में अराजकता का माहौल बनाने में जुटे थे। जिसके कारण जहां प्रशासन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा वहीं स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बना हुआ है। वेव सिटी थाने के पास ही छबील दास पब्लिक स्कूल हैं जहां सैकड़ों की तादात में बच्चे पढ़ते हैं। प्रदर्शन के कारण जहां बच्चों में डर का माहौल बन गया वहीं उनके अभिभावक भी परेशान हो गए कि कहीं प्रदर्शनकारी कुछ अशोभनीय कार्य न कर बैठे।
दरअसल मुआवजे के नाम पर कुछ अराजक तत्व लगातार वेव सिटी प्रबंधन को ब्लैकमेल करने का काम कर रहे हैं। जबकि प्रशासन की ओर से साफ कर दिया गया है कि वेव सिटी प्रबंधन और किसानों के बीच जो समझौता हुआ था उसके तहत वेव सिटी प्रबंधन ने मुआवजा दिया है। मामला अदालत में भी गया लेकिन खारिज हो गया। फिर भी अराजक तत्व केवल केवल एक डर का माहौल बनाए हुए हैं।
