अनूप जलोटा करेंगे 20 फरवरी को कला साधकों का अभिनंदन

मुंबई। भारतीय संगीत, भक्ति और संस्कृति की समृद्ध परंपरा को समर्पित जलोटा वेलफेयर फाउंडेशन एक बार फिर कला साधकों के सम्मान का भव्य उत्सव लेकर आ रहा है। 20 फरवरी 2026 को इस्कॉन मंदिर, जुहू (मुंबई) में आयोजित होने जा रहा है ‘14वां गौरव पुरस्कार–2026’, जिसमें देश की विशिष्ट एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
यह प्रतिष्ठित समारोह अनुभवी एवं सुप्रसिद्ध भजन सम्राट पद्मश्री पं. पुरुषोत्तमदास जलोटा की पुण्य स्मृति को समर्पित है। उनकी आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए पद्मश्री अनूप जलोटा ने आज सम्मानित विजेताओं के नामों की घोषणा की। स्वयं अनूप जलोटा वर्ष 2012 में भारतीय शास्त्रीय संगीत (गायन) में अतुलनीय योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित हो चुके हैं।
भजन सम्राट पद्मश्री पं. पुरुषोत्तमदास जलोटा संगीत सेवा पुरस्कार विश्वविख्यात शास्त्रीय संगीतकार, पद्मभूषण एवं ग्रैमी पुरस्कार विजेता पं. विश्वमोहन भट्ट को प्रदान किया जाएगा। भजन महर्षि पंडित हरिओम शरण भक्ति संगीत पुरस्कार सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका पद्मश्री डॉ. सोमा घोष को दिया जाएगा। पद्मश्री डॉ. रवींद्र जैन बहुमुखी प्रतिभा पुरस्कार प्रसिद्ध लोक एवं शास्त्रीय गायिका पद्मश्री श्रीमती मालिनी अवस्थी को प्रदान किया जाएगा। लोक संगीत की रानी कही जाने वाली मालिनी अवस्थी दादरा, ठुमरी, कजरी, चैती सहित अनेक हिंदुस्तानी संगीत शैलियों में समान रूप से निपुण हैं।
मेधा जलोटा श्रेष्ठतम मेधावी नृत्य कलाकार पुरस्कार उभरते हुए प्रतिभाशाली नृत्य कलाकार श्री गौतम मराठे को प्रदान किया जाएगा। वे गुरु श्री वैभव अरेकर के शिष्य हैं और भारतीय शास्त्रीय कलाकारों के लिए “आंगिका” नामक विशेष फिटनेस मॉड्यूल के डिज़ाइनर भी हैं। इस भव्य समारोह का आयोजन एवं प्रबंधन “तथास्तु प्रोडक्शंस” द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम शुक्रवार, 20 फरवरी 2026, को इस्कॉन मंदिर, जुहू, मुंबई में शाम 7 बजे से आरंभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.