लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विद्यार्थियों के आधार बायोमीट्रिक अपडेट को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया गया है। Unique Identification Authority of India (यूआईडीएआई) अब प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में विशेष कैंप लगाकर छात्रों के आधार बायोमीट्रिक अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
इस अभियान के तहत 500 या उससे अधिक छात्रों वाले शिक्षण संस्थानों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए पूरे प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षण संस्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जाएगा।
यूआईडीएआई के अनुसार, आधार कार्ड में बायोमीट्रिक अपडेट 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पर अनिवार्य होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को यह सुविधा उनके शिक्षण संस्थानों में ही उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि अभिभावकों और छात्रों को अलग से केंद्रों पर जाने की आवश्यकता न पड़े।
महत्वपूर्ण बात यह है कि यह सेवा विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह निशुल्क होगी। यूआईडीएआई का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक बच्चों का आधार समय पर अपडेट हो सके और भविष्य में किसी भी सरकारी सेवा या छात्रवृत्ति से जुड़ी प्रक्रिया में उन्हें परेशानी न हो।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में करीब पौने चार करोड़ विद्यार्थियों का आधार बायोमीट्रिक अपडेट अभी बाकी है। इसी को देखते हुए राज्यभर में बड़े स्तर पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
पहले केवल उन स्कूलों में कैंप लगाए जाते थे, जहां 1000 या उससे अधिक छात्र होते थे। अब इस सीमा को घटाकर 500 छात्र कर दिया गया है, जिससे अधिक संख्या में शिक्षण संस्थानों को इस अभियान में शामिल किया जा सके और विद्यार्थियों को सुविधा का लाभ मिल सके।

