नवरात्रि पर मोदी सरकार का बड़ा तोहफ़ा: NEXT-Gen GST रिफॉर्म्स से 390 वस्तुओं पर टैक्स में ऐतिहासिक कमी

नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर देश की माताओं-बहनों और आम नागरिकों को NEXT-Gen GST रिफॉर्म्स का ऐतिहासिक उपहार दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वादा किए गए इस सुधार को अब पूरे देश में लागू कर दिया गया है।

श्री शाह ने बताया कि 390 से अधिक वस्तुओं पर GST दरों में भारी कमी की गई है। इसमें खाद्य व घरेलू सामान, ऑटोमोबाइल, कृषि उपकरण, स्वास्थ्य, टेक्सटाइल्स, शिक्षा, बीमा, होम बिल्डिंग मटेरियल्स और सेवाओं सहित अनेक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस राहत से न केवल लोगों के जीवन में खुशियाँ आएँगी बल्कि उनकी बचत भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि NEXT-Gen GST रिफॉर्म आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा। कृषि, स्वास्थ्य, टेक्सटाइल्स और मैन-मेड फाइबर जैसे क्षेत्रों में टैक्स घटाकर मैन्युफैक्चरिंग को प्रोत्साहित किया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि यह सुधार गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की सेवा के प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। रोजमर्रा की वस्तुएँ जैसे साबुन, टूथब्रश, टूथपेस्ट, शैम्पू, हेयर ऑयल और कई डेयरी प्रोडक्ट्स पर जीरो या न्यूनतम GST से हर वर्ग के घरों में खुशियों की सौगात पहुँचेगी।

इसके साथ ही, जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, सीनियर सिटिजन पॉलिसी, 33 जीवन रक्षक दवाओं और डायग्नोस्टिक किट्स पर जीरो GST लागू किया गया है। मेडिकल, डेंटल और वेटनरी उपकरणों पर भी न्यूनतम GST रखा गया है। शाह ने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाएँ सस्ती होंगी और देशवासियों की सेविंग्स में ऐतिहासिक वृद्धि होगी।

कृषि उपकरणों और उर्वरक क्षेत्र में टैक्स कमी से किसान उत्साहित हैं, वहीं ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भी खपत बढ़ेगी। श्री शाह ने देशवासियों से अपील की कि वे दैनिक उपयोग की वस्तुओं में स्वदेशी को अपनाएँ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.