‘दिल्ली के धाकड़… कहते हैं– लेट्स फाइट कोरोना टुगेदर’

नई दिल्ली। ‘इरादे स्पष्ट हों, तो हौसला अपने आप मिल जाता है।’ यह कहावत देश के सबसे बड़े नेटवर्क में से एक, बिग एफएम पर बिल्कुल सटीक बैठती है, जो अलग-अलग उद्देश्यों पर आधारित अपने पहलों के जरिए अपने श्रोताओं और अन्य हितधारकों के जीवन में स्पष्ट तौर पर बदलाव लाने वाली बातों की अहमियत बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल पूरा देश कोविड-19 महामारी से जूझ रहा है, और इसी बात को ध्यान में रखते हुए बिग एफएम ने एक और दमदार पहल, ‘दिल्ली के धाकड़… कहते हैं– लेट्स फाइट कोरोना टुगेदर’ की शुरुआत की है। दरअसल रेडियो संचार का सबसे भरोसेमंद माध्यम है और इसकी ताक़त का लाभ उठाते हुए चार हफ़्ते तक चलने वाले कैंपेन की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर के लोगों के दिलों से डर को दूर करना और सकारात्मकता फैलाना है, ताकि इस महामारी का डटकर मुकाबला किया जा सके और इस पर जीत हासिल की जा सके। हालांकि कई देशों में हालात बेहद ख़राब हैं, फिर भी भारत अपने साहसी योद्धाओं की मदद से इस पर काबू पाने का हर संभव प्रयास कर रहा है। हमारे देश के ऐसे कई वीर सपूत जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं, और इन्हें जनता का भी भरपूर सहयोग मिला है, क्योंकि आज देश के सभी नागरिक इस महामारी को समुदाय में फैलने से रोकने तथा इसकी चेन तोड़ने के लिए चौबीसों घंटे घर पर रहकर लॉकडाउन के दिशानिर्देशों का पालन कर रहे हैं।
दिल्ली के सभी चार आरजे– आरजे ख़ुराफ़ाती नितिन, आरजे जस्सी, आरजे योगी और आरजे सिमरन– की अगुवाई में 6 अप्रैल को यह कैंपेन शुरू हुआ था, जो फिलहाल पूरे देश में फैली महामारी के कई अहम पहलुओं की पड़ताल करता है, जैसे कि इससे हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी किस तरह प्रभावित हो रही है और इसे फैलने से रोकने के लिए हमें क्या करना चाहिए। इस कैंपेन में मानसिक स्वास्थ्य एवं चिंता, मौसम में बदलाव और हमारी सेहत, परिवार के साथ समय बिताना, जरूरत की इस घड़ी में टेक्नोलॉजी का कुशलता से उपयोग करना, और इसी तरह के कई अहम मुद्दों पर भी ज़ोर दिया जाता है, जो आज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुके हैं। इसके अलावा, इस कैंपेन के जरिए सार्वजनिक सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों की असाधारण कहानियों को भी साझा किया जाता है, जिसमें पुलिसकर्मी, डॉक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी इत्यादि शामिल हैं, जो चौबीसों घंटे जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। इस समय बहुत सी गलत जानकारी फैलाई जा रही है जिससे लोग काफी डरा हुआ महसूस कर रहे हैं, लिहाजा यह कैंपेन श्रोताओं को झूठी ख़बरें फैलाने से रोकने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन सभी जिम्मेदार नागरिकों की सराहना भी करता है, जो पूरे संयम और धैर्य के साथ लॉकडाउन के निर्देशों का पूरी तरह से पालन कर रहे हैं। इस कैंपेन के दायरे को बढ़ाने और इसके लक्ष्य को अगले स्तर तक पहुँचाने के लिए, रेडियो स्टेशन की ओर से ‘द बिगेस्ट डिजिटल धाकड़ गेट टुगेदर’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक आरजे हर हफ़्ते घर पर रहने वाले चुनिंदा भाग्यशाली श्रोताओं के साथ बातचीत करेंगे, ताकि गूगल मीट के माध्यम से उनका मनोरंजन किया जा सके और उनका उत्साह बढ़ाया जा सके।
इस कैंपेन के बारे में बात करते हुए, बिग एफएम के प्रवक्ता ने कहा, “इस अहम पड़ाव पर, श्रोताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ लगातार उनका हौसला बढ़ाना भी बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे उनके दिल में बसा डर दूर हो जाए। इस प्रकार के पहल की शुरुआत करना हमारे लिए बेहद ख़ुशी की बात है, जिसमें दिल्ली के हमारे सभी प्रतिभाशाली आरजे भाग ले रहे हैं और उन सभी का इरादा भी एक समान है। रेडियो हमारे देश के नागरिकों के लिए सबसे भरोसेमंद माध्यमों में से एक है और इस बात को ध्यान में रखते हुए, हम मौजूदा हालात में लोगों को यथासंभव सर्वोत्तम तरीके से स्थिति से निपटने में मदद कर रहे हैं, साथ ही हम लोगों का मनोरंजन करने एवं सही जानकारी पहुंचाने की अपनी ज़िम्मेदारियों को निभाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।”
मौजूदा हालात और इस कैंपेन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए, आरजे ख़ुराफ़ाती नितिन ने कहा, “सच कहूं तो इस शानदार इनीशिएटिव का हिस्सा बनकर मुझे बड़ा सुकून मिला है, क्योंकि यह लोगों को एकजुट होने और साथ मिलकर इस संकट का सामना करने के लिए प्रोत्साहित करता है। फिलहाल हम जिस महामारी से जूझ रहे हैं उसके लिए ऐसा करना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे लोगों के दिलों में डर समा गया है और वे बेहद चिंतित हैं। सही मायने में यह हम सभी के लिए सबसे कठिन समय है, और इस चुनौती से एकजुट होकर लड़ना हम सभी के लिए बेहद जरूरी है। अपने शो के जरिए मैं अपने सभी फैन्स को इस बीमारी के बारे में सही जानकारी देने और उन्हें जागरूक करने का हर संभव प्रयास कर रहा हूँ। मैं तहे दिल से लोगों से अपील करता हूँ कि वे घर पर रहें और सरकार और स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा लोगों की सुरक्षा के लिए जारी किए गए दिशानिर्देशों एवं हिदायतों का पालन करें। मुझे उम्मीद है कि सही और सकारात्मक नज़रिए के साथ हम इस महामारी से निजात पाने में कामयाब होंगे।”
इस कैंपेन और पूरी स्थिति के बारे में आरजे जस्सी ने कहा, “भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया इस महामारी का सामना कर रही है, और सही मायने में इस हालात को देखकर काफी दुख होता है। हर दिन इसके मामले बढ़ते ही जा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। लेकिन संकट की इस घड़ी में ही तो हम सभी को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। बिग एफएम का यह शानदार इनीशिएटिव वाकई तारीफ़ के क़ाबिल है, जिसकी इस समय बेहद जरूरत है। संकट की इस घड़ी में हम अपने श्रोताओं को सही जानकारी प्रदान कर रहे हैं, साथ ही उनमें संयम और परिस्थितियों का सामना करने के लिए उत्साह जगाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि फिलहाल हर कोई इस लॉकडाउन के ख़त्म होने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है।”
पिछले साल, बिग एफएम ने ‘दिल्ली के धाकड़’ कैंपेन के जरिए दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर श्रोताओं को जागरूक किया था। महिलाओं के खिलाफ अपराधों के लिए लोगों को अपनी आवाज़ उठाने के लिए प्रोत्साहित करने वाले इस कैंपेन को खूब तारीफ़ मिली और लोगों ने इसे दिल से स्वीकार किया। इस कैंपेन के बाद, इस इलाके में कई जगहों पर सार्वजनिक रूप से शराब पीने पर भी रोक लगा दी गई थी। पिछले साल मिली शानदार सफलता के बाद, यह कैंपेन एक बार फिर से लोगों को एकजुट करने की कोशिश कर रहा है ताकि देश पर छाए इस संकट को दूर किया जा सके।
पहल के एक हिस्से के रूप में, रेडियो स्टेशन न केवल संकट से जूझ रहे लोगों की समस्याओं को दूर करने तथा उनकी बातों को संबंधित अधिकारियों तक पहुँचाने की कोशिश कर रहा है, बल्कि लोगों को सही मार्गदर्शन देने के लिए मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से भी मदद ली जा रही है। जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों के लोग स्वेच्छा से मदद के लिए आगे आ रहे हैं, जिन्हें एकजुट करके इस कैंपेन का रेडियो एवं डिजिटल माध्यमों से बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.