नई दिल्ली। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए अब 1 नवंबर 2025 से दिल्ली बॉर्डर पर केवल BS6 वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
सरकार के आदेश के अनुसार, BS4 और BS5 समेत पुराने सभी श्रेणी के वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। यह कदम सर्दियों के मौसम में वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के गंभीर स्तर को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है।
पर्यावरण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के इस अभियान को सफल बनाने के लिए सीमा क्षेत्रों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, परिवहन विभाग और पुलिस मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि पुराने मानक वाले वाहन दिल्ली में प्रवेश न कर सकें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह निर्णय जनस्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ ईंधन और पर्यावरण-अनुकूल वाहनों का उपयोग करें ताकि दिल्ली को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रयासों को बल मिल सके।

