नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी से भाजपा बिहार प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं पूर्व झारखंड संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह ने मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता एवं प्रवक्ता अनंत अमित भी मौजूद रहे।
यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें बिहार और झारखंड की वर्तमान राजनीतिक व सामाजिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, दोनों राज्यों में संगठन को और मजबूत करने, क्षेत्रीय नेतृत्व की भूमिका तथा आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ।
श्री राजेन्द्र सिंह ने श्री नितिन गडकरी को बिहार में पार्टी के जनाधार, सामाजिक समीकरण और भविष्य की संभावनाओं के बारे में अवगत कराया। वहीं, श्री अनंत अमित ने झारखंड में संगठन की स्थिति और विपक्षी दलों की गतिविधियों की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि यह मुलाकात संगठनात्मक संवाद और मार्गदर्शन के उद्देश्य से की गई, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी की स्थिति को और सशक्त किया जा सके। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब बिहार और झारखंड दोनों राज्यों की राजनीति में तेज़ हलचल देखी जा रही है, और भाजपा इन क्षेत्रों में अपनी रणनीति को पुनर्गठित कर रही है।

