“सेमहैक फॉर ग्रीन इन्फ्रा” हैकथॉन का शुभारंभ – सीमेंट और निर्माण क्षेत्र में नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

नई दिल्ली। सीमेंट एवं निर्माण सामग्री परिषद (एनसीबी) ने अपने इनक्यूबेशन सेंटर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर 20 मई को बल्लभगढ़ में “सेमहैक फॉर ग्रीन इन्फ्रा” नामक राष्ट्रीय स्तर के पहले हैकथॉन की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का उद्घाटन वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव श्री संजीव ने किया। इस हैकथॉन का उद्देश्य सीमेंट, निर्माण और संबद्ध क्षेत्रों में हरित तकनीकी समाधानों को प्रोत्साहन देना, स्टार्टअप्स और शोध प्रतिभाओं को समर्थन प्रदान करना तथा व्यावसायिक नवाचारों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान श्री संजीव ने एनसीबी इनक्यूबेशन सेंटर की एक वर्ष की उपलब्धियों की सराहना करते हुए देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों—आईआईटी, एनआईटी और अन्य विश्वविद्यालयों से भागीदारी की अपील की। उन्होंने आशा जताई कि यह हैकथॉन स्टार्टअप्स की कई सफल कहानियों को जन्म देगा। एनसीबी-आईसी के प्रभारी डॉ. कपिल कुकरेजा ने बताया कि यह हैकथॉन दो श्रेणियों में आयोजित किया जा रहा है—पहला स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और स्वतंत्र प्रतिभागियों के लिए और दूसरा छात्रों एवं शिक्षाविदों के लिए। प्रतियोगिता में भागीदारी निःशुल्क है।

हैकथॉन के प्रमुख विषयों में शामिल हैं:

  • ग्रीन सीमेंट और ग्रीन कंक्रीट

  • ग्रीन निर्माण प्रक्रियाएं

  • कार्बन कैप्चर एवं स्टोरेज

  • लॉजिस्टिक्स व आपूर्ति श्रृंखला

  • नेट ज़ीरो लक्ष्यों की प्राप्ति

प्रतिभागियों को ₹1 लाख तक के नकद पुरस्कार और एनसीबी-आईसी में मेंटरिंग या इनक्यूबेशन का अवसर मिलेगा। पंजीकरण 20 मई से 20 जुलाई 2025 तक खुले रहेंगे और इच्छुक प्रतिभागी https://www.ncbindia.com/cemhack.php पर आवेदन कर सकते हैं।

एनसीबी के महानिदेशक डॉ. एल.पी. सिंह ने कार्यक्रम में स्थिरता और नवाचार की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आईआईटी रुड़की और जेके सीमेंट लिमिटेड के साथ मिलकर सीसीयू टेस्ट बेड परियोजना और सीसीयू के लिए उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की भी घोषणा की।

इस मौके पर आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत, एनसीबी अध्यक्ष श्री नीरज अखौरी (एमडी, श्री सीमेंट लिमिटेड), शोधार्थियों, छात्रों, उद्योग विशेषज्ञों और एनसीबी के वैज्ञानिकों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published.