नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित पंचसितारा होटल ‘हॉलीडे इन’ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टीआईएएफ (TIAF) द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत की ओर से आयोजित इस विशेष समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद यूनिवर्सिटी, कोकराझार (असम) के चांसलर डॉ. अजय कुमार कर्ण को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया और उनके शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. कर्ण ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद यूनिवर्सिटी ने अपने स्थापना काल के अल्प समय में ही विश्वास और गुणवत्ता की कसौटी पर स्वयं को सिद्ध किया है। उन्होंने कहा, “यह सम्मान हमारे लिए गर्व का विषय है, लेकिन हर सम्मान अपने साथ नई जिम्मेदारियां भी लेकर आता है। हमारा लक्ष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना है।”
उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय असम के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने और प्रदेश के साथ-साथ देश के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. कर्ण ने यह भी कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने सामर्थ्य के अनुसार योगदान देगा, तभी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित ‘विकसित भारत’ का सपना साकार हो सकेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. कर्ण को शुभकामनाएं दीं और उनके शैक्षिक प्रयासों की सराहना की।

