मुंबई । कोक स्टूडियो भारत के सीजन 3 का बहुप्रतीक्षित पांचवां गीत ‘अर्ज़ किया है’ हाल ही में रिलीज़ किया गया है। इस भावुक गीत को लोकप्रिय गायक और गीतकार अनुव जैन ने लिखा, संगीतबद्ध किया और अपनी आवाज़ दी है। यह गीत प्यार, फासलों और अनकहे एहसासों की एक कोमल और सच्ची कहानी को बयां करता है। अनुव जैन ने अपने खास अंदाज़ में इंतज़ार, खामोशी और उम्मीद जैसे जज़्बातों को बेहद सादगी और गहराई से पेश किया है। गीत की संगीत संरचना भारत की प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक जोड़ी लॉस्ट स्टोरीज़ (ऋषभ जोशी) ने तैयार की है, जो इसकी धुनों को और भी प्रभावशाली बनाती है। अनुव जैन ने कहा, “‘अर्ज़ किया है’ मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि इसके बोल उन जज़्बातों को आवाज़ देते हैं जिन्हें हम अक्सर दिल में ही रख लेते हैं।” कोका-कोला इंडिया के आईएमएक्स लीड शांतनु गांगने ने कहा, “कोक स्टूडियो भारत नए कलाकारों और असली कहानियों को सामने लाने का मंच है, और ‘अर्ज़ किया है’ इसका एक शानदार उदाहरण है।”
कोक स्टूडियो भारत हर नए गीत के साथ भारतीय संगीत की विविधता और भावनात्मक गहराई का जश्न मना रहा है, और ‘अर्ज़ किया है’ इस मिशन में एक और खूबसूरत कदम है।

