पटना। बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी सुश्री अनु कुमारी को सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास “संकल्प”, 01 अणे मार्ग में आयोजित हुआ।
मुख्यमंत्री ने अनु कुमारी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए चेक एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अनु कुमारी ने अपनी उपलब्धि से न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम की यह जीत समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि प्रतिभा किसी भी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने अनु कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और युवाओं से उनके संघर्ष व समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अनु कुमारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

