चिराग पासवान ने बिहार युवा आयोग के गठन पर नीतीश कुमार को दिया धन्यवाद, महिलाओं को 35% आरक्षण को बताया सराहनीय कदम

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा युवा आयोग के गठन की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला लंबे समय से बिहारी युवाओं की एक बड़ी मांग रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं भी कई बार इस मुद्दे को बिहार सरकार के सामने उठाया था।

चिराग पासवान ने कहा, “बिहार एक युवा राज्य है। यहां की बड़ी आबादी युवाओं की है, लेकिन अवस्थाओं के अभाव में ये युवा अन्य राज्यों में जाने को मजबूर हैं। हम जितना पलायन रोकना चाहते हैं, उतना कर नहीं पा रहे थे। ऐसे में युवा आयोग का गठन एक निर्णायक पहल है। मैं अपनी ओर से और अपनी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद करता हूं।”

उन्होंने इस पहल को बिहार की विकसित भारत की यात्रा में भागीदारी से जोड़ा और कहा कि आने वाले समय में जब देश को विकसित राष्ट्र के रूप में देखा जाएगा, तब बिहार की और बिहार युवा आयोग की अहम भूमिका होगी।

इसके साथ ही चिराग पासवान ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण दिए जाने के फैसले को भी एक “महत्वपूर्ण और समयोचित निर्णय” बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा और अधिवास नीति के तहत यह फैसला राज्य की बेटियों को नई शक्ति देगा।

चिराग पासवान ने नीतीश सरकार के इन दोनों फैसलों को युवाओं और महिलाओं की बेहतरी के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए, इसे राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव का संकेत कहा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.