सी एम साइंस कॉलेज के ऐतिहासिक आर्यभट्ट छात्रावास के दिन बहुरेंगे

पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक ने छात्रावास के पुनर्निर्माण करने के दिए संकेत

दरभंगा (बिहार) । सी एम साइंस कॉलेज के वर्षों से क्षतिग्रस्त एवं अनुपयुक्त आर्यभट्ट छात्रावास का पुनर्निर्माण पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत करेगा। उक्त आशय का संकेत शनिवार को महाविद्यालय परिसर में पधारे पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक एवं सी एम साइंस कॉलेज के 1972 बैच के छात्र रहे इंदु शेखर झा ने दिए। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गौरव की बात होगी कि जिस महाविद्यालय में उनका छात्र जीवन बीता उसके छात्रों की सुविधा के लिए पीजीसीआईएल छात्रावास का निर्माण कर सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण एवं समुचित प्रकाश की व्यवस्था बहाल किए जाने संबंधी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ प्रेम कुमार प्रसाद द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर भी सहमति जाहिर करते हुए अपने साथ आए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। महाविद्यालय में उनके साथ पीजीसीआईएल के पूर्व क्षेत्र के निदेशक एस एन सहाय एवं जेनरल मैनेजर (एचआर) बीके मुंडू के साथ तीस्ता के निदेशक एवं सी एम साइंस कॉलेज के 1979 बैच के छात्र रहे बी एस झा भी पधारे थे।

इससे पूर्व महाविद्यालय में पधारे अपने पूर्ववर्ती छात्रों इंदु शेखर झा एवं बीएस झा सहित अन्य अतिथियों एस एन सहाय व बी के मुंडू का मिथिला की गौरवशाली परंपरा अनुरूप पाग, चादर एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के आइक्यूसी सहायक प्रवीण कुमार झा द्वारा महाविद्यालय के कामयाब पूर्ववर्ती छात्र के सम्मान में रचित ‘अभिनंदन अक्षर हार’ इंदु शेखर झा को भेंट किया गया।

अभिनंदन समारोह में इंदु शेखर झा ने महाविद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन को याद करते हुए अनेक रोचक पहलुओं की चर्चा की। मौके पर उपस्थित छात्रों को उन्होंने कामयाबी के कई गुर भी सिखाए। एसएन सहाय एवं बीके कुंडू ने कहा कि अपने शीर्षस्थ अधिकारी के पढे महाविद्यालय में उनका सम्मानित होना गौरवशाली है। तीस्ता के निदेशक ने भी अपने संबोधन में महाविद्यालय में बिताए स्वर्णिम पल को याद करते कहा कि जिस महाविद्यालय की शिक्षा के बल पर हम सबों ने यह मुकाम हासिल किया है, उसकी बेहतरी के लिए यदि हम कुछ कर सकते हैं तो यह हम सभी के लिए गौरव की बात होगी। अपने संबोधन में उन्होंने महाविद्यालय के एलुमिनी एसोसिएशन को सक्रिय करने पर बल दिया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य डॉ प्रेम कुमार प्रसाद ने महाविद्यालय की उपलब्धियों की विस्तार से चर्चा की। वनस्पति विभागाध्यक्ष डॉ संध्या झा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ योगेंद्र झा, डॉ हरिश्चंद्र झा, डॉ अरविंद कुमार, कृष्ण कुमार चौधरी, आकाश कुमार वर्मा, अनुपम झा, राधेश्याम झा आदि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। धन्यवाद ज्ञापन रसायन विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ अशोक कुमार झा ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्ववर्ती छात्रों के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते कहा कि महाविद्यालय की बेहतरी के लिए यदि वे आगे आते हैं तो यह सबसे बड़ी गुरु दक्षिणा होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.