अस्पताल निर्माण घोटाले में ED की छापेमारी: सौरभ भारद्वाज के घर पर रेड, AAP ने जताया विरोध

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) के घर पर आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़े मामले में की गई है। AAP नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के चिराग दिल्ली स्थित आवास पर ईडी छापेमारी कर रही है। अस्पताल निर्माण घोटाले में ईडी AAP नेता सौरभ भारद्वाज के आवास और 12 अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह जांच भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता (Vijendra Gupta) की शिकायत के आधार पर शुरू की गई थी। ईडी की टीम ने सौरभ भारद्वाज के आवास पर सुबह से छापेमारी की, जो कई घंटों तक चली।

ईडी की इस कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। AAP सांसद संजय सिंह ने प्रेस वार्ता कर कहा, “सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दर्ज मामला पूरी तरह झूठा और निराधार है। जिस समय ईडी ने यह मामला दर्ज किया, उस समय सौरभ भारद्वाज मंत्री भी नहीं थे। मोदी सरकार का मकसद सिर्फ आप नेताओं को फर्जी मामलों में फंसाकर जेल भेजना है।”

संजय सिंह (Sanjay Singh) ने आगे आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) की फर्जी डिग्री पर देश में चल रही चर्चा से ध्यान भटकाने के लिए ईडी की छापेमारी कराई जा रही है। यह मोदी सरकार की नीति बन चुकी है कि विपक्षी नेताओं पर एजेंसियों का दुरुपयोग कर दबाव बनाया जाए।”

इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है, जबकि ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.