मुंबई। बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस और ग्लोबल आइकन दीपिका पादुकोण ने एक बार फिर अपने स्टाइल और ग्रेस से दुनियाभर के फैशन प्रेमियों को चौंका दिया है। हाल ही में उन्होंने स्वीडन के स्टॉकहोम में हुए En Équilibre Cartier High Jewelry इवेंट में शिरकत की, जहां वो लाल रंग की ड्रेस और कार्टियर की बेशकीमती ज्वेलरी में एकदम रॉयल नजर आईं। इस खास मौके पर हॉलीवुड स्टार जोई सलदाना सहित कई इंटरनेशनल चेहरों ने भी शिरकत की। दीपिका कार्टियर की पहली भारतीय ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर हैं और यह उनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दमदार पहचान का प्रतीक है। 2017 में उन्होंने एक ग्लोबल लग्ज़री ब्रांड का चेहरा बनकर इतिहास रचा था, जिससे इंडियन टैलेंट को लेकर ब्रांड्स की सोच में बड़ा बदलाव आया।
इससे पहले भी दीपिका अबू धाबी में कार्टियर के एनिवर्सरी सेलिब्रेशन जैसे बड़े इवेंट्स में हिस्सा ले चुकी हैं। उनके फैशन सेंस और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव ने यह साबित किया है कि भारतीय बाजार और टैलेंट की ताकत को अब वैश्विक स्तर पर पहचाना जा रहा है। दीपिका आज भारतीय स्टाइल और शक्ति को दुनिया के सामने एक नए रूप में पेश कर रही हैं।

