नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट के बाद हालात का जायज़ा लेने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार देर शाम लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल पहुँचे। वहाँ उन्होंने धमाके में घायल लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोक नायक अस्पताल पहुंचने पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
अमित शाह ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों से घायलों के इलाज की व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिया कि किसी भी घायल के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इसके बाद गृह मंत्री घटनास्थल का भी दौरा करने पहुँचे, जहाँ उन्होंने दिल्ली पुलिस, एनआईए और फोरेंसिक टीमों से विस्तृत रिपोर्ट ली। शाह ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस घटना की साजिश रचने वालों को जल्द बेनकाब किया जाएगा।
गौरतलब है कि सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में धमाका हुआ था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। फिलहाल एनआईए, दिल्ली पुलिस और फोरेंसिक टीमें मिलकर जांच में जुटी हैं।

