नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर 243वीं बटालियन, सीआरपीएफ, न्यू कोंडली, मयूर विहार, दिल्ली में 10 मार्च 2026 को एक नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सीआरपीएफ और सीएपीएफ के जवानों, उनके परिवारों तथा आसपास के स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
इस स्वास्थ्य शिविर में लगभग 350 सीएपीएफ कर्मियों, अधिकारियों, दिल्ली पुलिस के जवानों, उनके परिवारजनों और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। शिविर में मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक, पीडियाट्रिक, डाइटिशियन, बीएमडी टेस्ट, बीएमआई, डेंटल, गायनेकोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपी, क्लीनिकल साइकोलॉजी, ईसीजी और ब्लड टेस्ट जैसी कई महत्वपूर्ण जांचें की गईं।
243वीं बटालियन की डॉ. बी. निशा, कमांडेंट (स्पेशल) मेडिकल ऑफिसर तथा 31वीं बटालियन की डॉ. पूजा जयसवाल (मेडिकल ऑफिसर) के साथ डॉ. आशीष मित्तल और उनकी टीम ने शिविर में आए लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्रदान की।
इस अवसर पर 243वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इस चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 31वीं और 139वीं बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

