रणवीर सिंह
इटावा। एमनीव विज़न स्कूल, इटावा में अत्याधुनिक शूटिंग रेंज का भव्य उद्घाटन समारोह बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने सभी उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री श्याम सिंह यादव (अध्यक्ष, स्टेट राइफल एसोसिएशन, लखनऊ एवं पूर्व सांसद, जौनपुर ने शूटिंग रेंज का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के अतिरिक्त कई विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे, जिनमें अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी श्री चंद्रमोहन तिवारी, समाजसेवी श्री अनिल यादव, श्री किशन यादव, श्री राजीव यादव तथा वरिष्ठ पत्रकार श्री रणवीर सिंह (स्ट्रीट न्यूज़, नई दिल्ली) तथा विद्यालय के वाइस चेयरमैन डॉ. विकास यादव, मैनेजिंग डायरेक्टर सलिल यादव, प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि शूटिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में के.के. डिग्री कॉलेज, इटावा के प्राचार्य महेंद्र सिंह यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान एवं कौशल का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा नई तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के चेयरमैन अतीवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एमनीव विज़न स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट शिक्षा एवं अवसर प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई शूटिंग रेंज विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने इस अवसर को अत्यंत विशेष एवं गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया।
इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

